
बिहार विधानसभा चुनाव (2025) की तारीखें जैसे- जैसे करीब आ रही हैं. सभी दलों का प्रचार अभियान भी तेज हो रहा है. इसी कड़ी में बुधवार को एनडीए के समर्थन में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीवान के रघुनाथपुर में जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान सीएम योगी ने ओसामा और शहाबुद्दीन का नाम लिए बिना कहा कि मुझे आश्चर्य हुआ, जब मैं रघुनाथपुर आया. क्योंकि आरजेडी ने इस जगह से जो प्रत्याशी खड़ा किया है वह अपनी खानदानी आपराधिक पृष्ठभूमि के लिए पूरे क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि पूरे देश और दुनिया में कुख्यात रहा है.
अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस
इसके आगे योगी आदित्यनाथ ने कहा, "नाम भी देखो न… जैसा नाम वैसा काम, बहनों और भाइयों… इसीलिए तो मैं कहता हूं… यूपी के अंदर हमने एक बात कही है कि अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस… और जीरो टॉलरेंस के प्रति आप देख रहे होंगे, कि आरजेडी और उनके लोग राम मंदिर का विरोध कर रहे हैं."
'आरजेडी ने राम मंदिर का रथ रोकने का पाप किया'
इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए यूपी के मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आरजेडी द्वारा राम मंदिर के रथ को रोकने का पाप किया गया था. समाजवादी पार्टी यूपी में राम भक्तों पर गोलियां चलाती है. इसके साथ ही विपक्ष पर हमला करते हुए कहा, "जब भी इन्हें अवसर मिला… एक ने बिहार और एक ने यूपी के अंदर नौजवानों के सामने पहचान का संकट खड़ा कर दिया, लेकिन डबल इंजन की सरकार अब पहचान के संकट के लिए मोहताज नहीं है. हर बिहारी आज अपने गौरव के साथ सीना तानकर देश और दुनिया के अंदर जाता है और अपनी पहचान को पेश करता है."
इसे भी पढ़ें : Australia के खिलाफ Surya Kumar Yadav ने चली चाल, पहले T-20 मैच में उतारे ये 'योद्धा'
'आज बिहार में एयरपोर्ट, इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेज'
इसके अलावा सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब बिहार में सब बा. उन्होंने कहा, "हम लोगों ने 6 हजार 100 करोड़ रुपये की लागत से अयोध्या धाम को सीधे सीतामढ़ी से जोड़ने के लिए राम जानकी मार्ग के निर्माण को युद्धस्तर पर आगे बढ़ाने का काम किया है. आज बिहार में एयरपोर्ट है, मेडिकल कॉलेज है, इंजीनियरिंग कॉलेज है. इसके साथ ही गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ गरीबों को मिल रहा है. वहीं अराजकता पैदा करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत डबल इंजन की सरकार नीतीश कुमार के नेतृत्व में लगातार काम कर रही है, उसके बाद भी जो कुछ बाकी बच जाता है, उसे यूपी का बुलडोजर उसको पूरा कर देता है."