
बिहार चुनाव नज़दीक आते ही राजनीतिक हलचल तेज़ हो गई है। इस बार विवाद की वजह बना है एक एआई वीडियो, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां हीराबेन को दिखाया गया है। इस वीडियो को बिहार कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसके बाद बीजेपी ने इसे "महिलाओं और गरीबों का अपमान" बताते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है।
बीजेपी का हमला, कांग्रेस पर गंभीर आरोप
बीजेपी नेता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार पीएम मोदी की मां का अपमान कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह अब "गांधी की कांग्रेस" नहीं, बल्कि "गालियों वाली कांग्रेस" बन गई है। वहीं, बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन ने इसे शर्मनाक करार देते हुए कहा कि कांग्रेस ने फिर एक बार प्रधानमंत्री की दिवंगत मां का अपमान किया है और इसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए।
कांग्रेस का पलटवार – "जानबूझकर किया जा रहा है राजनीतिकरण"
विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस की ओर से भी प्रतिक्रिया आई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस मुद्दे का जानबूझकर राजनीतिकरण किया जा रहा है। उनका कहना है कि विपक्ष को इस विवाद को चुनावी हथियार नहीं बनाना चाहिए।
पद्मश्री मथुरभाई सवानी ने पीएम को लिखा पत्र
एआई वीडियो विवाद पर समाजसेवी और पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित मथुरभाई सवानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। उन्होंने पत्र में कहा कि इस तरह की तकनीक का दुरुपयोग बेहद खतरनाक है। वीडियो में जिस तरह की भाषा और संवाद का इस्तेमाल किया गया है, वह भारतीय समाज की संस्कृति के खिलाफ है। उन्होंने सरकार से अपील की है कि ऐसे मामलों पर रोक लगाने और सख्त कानून बनाने की आवश्यकता है।
ये भी पढ़ें : Delhi-Meerut कॉरीडोर का उद्घाटन जल्द, 1500 किमी नेटवर्क का होगा विस्तार, 55 मिनट में पहुंचेंगे Meerut
वीडियो में क्या है?
कांग्रेस द्वारा जारी एआई वीडियो में पीएम मोदी को सोते हुए दिखाया गया है। तभी उनकी मां आती हैं और उन्हें डांटती हैं। वीडियो में इस्तेमाल की गई भाषा को लेकर ही सबसे ज्यादा विवाद खड़ा हुआ है। बीजेपी इसे सीधा प्रधानमंत्री की मां का अपमान बता रही है, जबकि कांग्रेस का दावा है कि वीडियो को बेवजह राजनीतिक रंग दिया जा रहा है।
पहले भी हुआ था विवाद
यह पहली बार नहीं है जब पीएम मोदी और उनकी मां को लेकर विवाद उठा है। पिछले महीने राहुल गांधी की "वोटर अधिकार यात्रा" के दौरान दरभंगा में एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री और उनकी मां के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया था। तब भी बीजेपी ने कांग्रेस और आरजेडी पर जमकर हमला बोला था। खुद पीएम मोदी ने भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि उनकी मां का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं था, फिर भी उन्हें गालियां दी गईं।
बिहार चुनाव से पहले इस तरह के विवाद ने सियासी माहौल को और गरमा दिया है। अब देखना होगा कि यह विवाद किस हद तक चुनावी प्रचार को प्रभावित करता है।