
Bihar Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन के भीतर सीट बंटवारे को लेकर सियासी खींचतान तेज हो गई है। विकासशील इंसान पार्टी (VIP) प्रमुख और ‘सन ऑफ मल्लाह’ के नाम से मशहूर मुकेश सहनी अब खुलकर अपनी नाराज़गी दिखा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, सहनी किसी भी हालत में 20 सीटों से कम पर मानने को तैयार नहीं हैं, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने उन्हें 14 सीटों का ऑफर दिया है। इसी मुद्दे पर गुरुवार देर रात पटना में तेजस्वी यादव और मुकेश सहनी के बीच लगभग 2 बजे तक बैठक चली। शुरुआत में बातचीत सकारात्मक रही, लेकिन सीटों के बंटवारे पर मतभेद बढ़ते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया।
बैठक के बाद नाराज़ दिखे ‘सन ऑफ मल्लाह’
तेजस्वी यादव ने महागठबंधन में संतुलन बनाए रखने की बात कहते हुए VIP को 14 सीटों का प्रस्ताव दिया, लेकिन मुकेश सहनी ने इसे अस्वीकार करते हुए कहा कि उनकी पार्टी के जनाधार और मेहनत का सम्मान होना चाहिए। सहनी ने दो टूक कहा कि VIP 20 से कम सीटों पर चुनाव नहीं लड़ेगी। रात दो बजे के बाद जब वे बैठक से निकले, तो उनके चेहरे पर नाराज़गी साफ झलक रही थी। उन्होंने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की और सीधे अपने आवास लौट गए। पार्टी सूत्रों के अनुसार, अब VIP अपनी अगली रणनीति तय करने में जुट गई है।.
महागठबंधन की बैठक टली, संकट गहराया
VIP की नाराज़गी के चलते शनिवार को होने वाली महागठबंधन की बैठक टाल दी गई। अब RJD ने अपनी आपात बैठक बुलाई है, जिसमें तेजस्वी यादव वरिष्ठ नेताओं के साथ स्थिति का समाधान खोजने की कोशिश करेंगे। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि मुकेश सहनी इस बार अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने के मूड में हैं। वे निषाद और मल्लाह समाज के बड़े वोट बैंक को साधने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। पहले भी वे NDA और महागठबंधन के बीच पाला बदल चुके हैं। ऐसे में सवाल यह है कि क्या इस बार भी ‘सन ऑफ मल्लाह’ अपनी ‘VIP’ नाव किसी नए किनारे लगाएंगे या गठबंधन में रहकर ही अपनी शर्तें मनवा पाएंगे।