
भारतीय रेलवे दुनिया की चौथा सबसे बड़ा रेल नेटवर्क है और लगातार इसका विस्तार किया जा रहा है। इस साल बिहार में विधानसभा चुनाव होने हैं और उससे पहले रेलवे ने राज्य को नई सौगात देने का ऐलान किया है। इसके तहत पटना जंक्शन से सात नई ट्रेनों की शुरुआत की जा रही है। इनमें से तीन ट्रेनें अमृत भारत एक्सप्रेस हैं, जो खास तौर पर मिडिल क्लास यात्रियों के बीच काफी लोकप्रिय हैं।
बढ़ी अमृत भारत एक्सप्रेस की संख्या
बता दें कि अभी तक देश में 12 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें चल रही थीं लेकिन बिहार से तीन नई ट्रेनों की शुरुआत के बाद इनकी संख्या बढ़कर 15 हो जाएगी। इन नई ट्रेनों से यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में अधिक सुविधा और तेज़ कनेक्टिविटी मिलेगी।
तीन राज्यों को मिलेगी नई कनेक्टिविटी
वहीं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इन नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई है। यह ट्रेनें बिहार से राजस्थान, तेलंगाना और दिल्ली के लिए सीधी कनेक्टिविटी देंगी। जिससे दरभंगा से अजमेर (राजस्थान), मुजफ्फरपुर से हैदराबाद (चारलापल्ली, तेलंगाना) और छपरा से दिल्ली (आनंद विहार टर्मिनल) तक अब सीधा रेल सफर संभव होगा।
लंबी दूरी का सफर होगा आसान
वहीं इन नई ट्रेनों से बिहार के यात्रियों को न केवल आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा बल्कि समय की भी बचत होगी। अमृत भारत एक्सप्रेस को आम और मिडिल क्लास यात्रियों के बजट को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। अब इन तीन नई ट्रेनों की शुरुआत से बिहार से दिल्ली, राजस्थान और तेलंगाना तक की दूरी पहले से ज्यादा आसान और आरामदायक हो जाएगी।
मुजफ्फरपुर-हैदराबाद अमृत भारत एक्सप्रेस
ट्रेन नंबर 15293/15294 सप्ताह में एक बार चलेगी। यह ट्रेन हाजीपुर, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, डीडीयू, प्रयागराज छिवकी, जबलपुर, इटारसी, नागपुर और काजीपेट के रास्ते से होकर गुजरेगी। इस ट्रेन के जरिए मुजफ्फरपुर से चारलापल्ली तक की यात्रा लगभग 37 घंटे 10 मिनट में पूरी होगी। इस ट्रेन में आरामदायक सीटिंग, साफ शौचालय और ज्यादा बर्थ स्पेस की सुविधा उपलब्ध होगी।
इसे भी पढ़ें : Pakistan के Haris Rauf के माथे पर लगा 'कलंक', Kohli के बाद अब Tilak ने जो किया जो ताउम्र भूल नहीं पाएंगे !
दरभंगा-राजस्थान अमृत भारत एक्सप्रेस
ट्रेन नंबर 19623/19624 सप्ताह में एक बार चलेगी। यह दरभंगा से मदार (राजस्थान) तक लगभग 27 घंटे 30 मिनट का सफर तय करेगी। ये ट्रेन कमतौल, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, गोमतीनगर, कानपुर, टुंडला और जयपुर से होकर जाएगी। इसमें आधुनिक सीटिंग, साफ शौचालय और आरामदायक बर्थ की सुविधा रहेगी।
छपरा-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस
ट्रेन नंबर 15133/15134 सप्ताह में दो बार चलेगी। यह छपरा से आनंद विहार (दिल्ली) तक लगभग 24 घंटे 10 मिनट में दूरी तय करेगी। ट्रेन सिवान, थावे, कप्तानगंज, गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, ऐशबाग (लखनऊ) और कानपुर से होकर गुजरेगी। इसमें एयर-कंडीशनिंग, पर्याप्त बर्थ और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।