
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ का रिकॉर्ड भारत के खिलाफ अच्छा नहीं रहा है। एशिया कप 2025 के फाइनल में भी उनकी गेंदबाजी भारत के लिए वरदान साबित हुई। इससे पहले 2022 टी20 विश्व कप में विराट कोहली ने रऊफ की गेंदों पर लगातार दो छक्के लगाकर मैच का रुख पलट दिया था। अब फाइनल में तिलक वर्मा और शिवम दुबे ने उनके ओवरों में रन बरसाकर भारत को जीत दिला दी है।
तिलक वर्मा का करिश्माई अर्धशतक
दुबई में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को हराकर एशिया कप 2025 का टी20 खिताब अपने नाम किया है। भारत ने 2023 में वनडे खिताब जीतने के बाद अब टी20 प्रारूप में भी एशिया कप पर कब्जा जमाया है। जहां कुलदीप यादव की शानदार गेंदबाजी से पाकिस्तान 19.1 ओवर में 146 रन पर ढेर हो गया। वहीं लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत खराब रही लेकिन तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला। इस दौरान उन्होंने 53 गेंदों पर 3 चौके और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 69 रन बनाकर भारत को 19.4 ओवर में पांच विकेट पर 150 रन तक पहुंचाया।
रऊफ के ओवर बने मैच का टर्निंग पॉइंट
देखा जाए तो इस मैच में भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। मैच के दौरान भारत ने 20 रन के भीतर तीन विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में तिलक वर्मा ने पहले संजू सैमसन और फिर शिवम दुबे के साथ बेहतरीन साझेदारी निभाई। 14वें ओवर के बाद भारत का स्कोर 83/4 था। तभी रऊफ गेंदबाजी करने आए और दुबे ने चौका जड़ दिया। इसके बाद तिलक ने चौका और छक्का लगाकर उस ओवर से 17 रन बटोर लिए। यहीं से मैच का रुख पलट गया। रऊफ जब 18वां ओवर डालने आए तब भारत का स्कोर 117 रन था। ओवर की आखिरी गेंद पर दुबे ने छक्का जड़कर ओवर से कुल 13 रन निकाल लिए। आखिरी ओवर में जीत के लिए 10 रन चाहिए थे और गेंद रऊफ के हाथ में थी। तिलक ने दूसरी गेंद पर छक्का लगाकर जीत आसान कर दी और रिंकू सिंह ने चौका लगाकर मुकाबला खत्म किया।
इसे भी पढ़ें : कप्तान Suryakumar का दिल छू लेने वाला फैसला, सेना और शहीदों को देंगे 28 लाख रुपये, ACC प्रमुख से ट्रॉफी न लेने पर बवाल
2022 में कोहली ने भी तोड़ा था घमंड
ऐसा पहली बार नहीं था जब हारिस रऊफ भारत के खिलाफ महंगे साबित हुए। साल 2022 के टी20 विश्व कप में मेलबर्न में विराट कोहली ने उनके ओवर में लगातार दो छक्के लगाकर पाकिस्तान का जीत का सपना तोड़ दिया था। उस मैच में भारत को आखिरी दो ओवरों में 31 रन चाहिए थे। रऊफ ने 19वां ओवर डाला और पहले चार गेंदों पर सिर्फ तीन रन दिए लेकिन पांचवीं और छठी गेंद पर विराट ने दो यादगार छक्के जड़े, जिससे मैच पूरी तरह भारत के पक्ष में चला गया।
बार-बार भारत के लिए बने आसान निशाना
बहरहाल भारत के खिलाफ हारिस रऊफ की गेंदबाजी लगातार कमजोर साबित हो रही है। चाहे 2022 विश्व कप में विराट का जादू हो या फिर 2025 एशिया कप का फाइनल, रऊफ भारत के बल्लेबाजों के सामने खुद को साबित नहीं कर पाए। यही वजह रही कि इस बार भी भारत को जीत दिलाने में उनके स्पैल ने काफी अहम भूमिका निभाई।