Exam Postponed: बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बेहद जरूरी खबर है। केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), बिहार ने विज्ञापन संख्या 02/2026 के तहत 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा को स्थगित कर दिया है। परिषद द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, यह परीक्षा अब अपने पुराने शेड्यूल के बजाय 28 जून 2026 को आयोजित की जाएगी।
क्यों बदली गई परीक्षा की तारीख?
केंद्रीय चयन परिषद के पुराने शेड्यूल के मुताबिक, यह लिखित परीक्षा पहले 20 और 21 जून 2026 को आयोजित होनी थी। लेकिन, 21 जून को ही देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा यानी नीट (NEET) का भी पुन: आयोजन होना है। दोनों ही परीक्षाओं में अभ्यर्थियों की संख्या बहुत अधिक होती है और दोनों के परीक्षा केंद्र भी बड़े स्तर पर बनाए जाते हैं। इसी कारण पर्षद ने सिपाही भर्ती परीक्षा को एक हफ्ते आगे बढ़ाने का फैसला किया।
एक ही पाली में होगी परीक्षा
आपको बता दें कि सिपाही भर्ती परीक्षा का आयोजन 28 जून 2026 को किया जाएगा। परीक्षा एक ही पाली में आयोजित की जाएगी। परीक्षा दोपहर 12 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगी। जिसके लिए अभ्यर्थियों का रिपोर्टिंग समय सुबह 10 बजे से 11 बजे तक रखा दया है।
यह भी पढ़ें: CBSE की बड़ी लापरवाही! कम नंबर आने पर छात्र ने उठाए सवाल, तो बोर्ड को माननी पड़ी गलती; भेजी सही उत्तर पुस्तिका
993 पदों पर होनी है भर्ती
बता दें कि बिहार पुलिस के तहत रेडियो ऑपरेटर और टेक्निकल नॉन-गजटेड कैडर में सिपाही (प्रचालक) के कुल 993 पदों पर सीधी बहाली के लिए चयन प्रक्रिया चलाई जा रही है। इस भर्ती के लिए राज्य भर के हजारों युवाओं ने आवेदन किया है और वे लंबे समय से लिखित परीक्षा का इंतजार कर रहे थे। हालांकि परीक्षा टलने से अभ्यर्थियों को तैयारी का थोड़ा और समय भी मिल गया।
15 जून से देख सकेंगे परीक्षा केंद्र की जानकारी
उम्मीदवारों 15 जून 2026 से अपनी परीक्षा संबंधी जानकारी ऑनलाइन देख सकेंगे। इसके लिए उम्मीदवारों को परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। यहां लॉगिन करने के बाद उम्मीदवार जान सकेंगे की उनकी परीक्षा किस जिले में आयोजित की गई है। वहीं, ई-एडमिट कार्ड 22 जून 2026 से पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर डाउनलोड किए जा सकेंगे।