Binance Crypto Hack 2026 : दुनिया के सबसे बड़े क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज बाइनेंस पर बड़े साइबर हमले की खबर से क्रिप्टो बाजार में हड़कंप मच गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, हैकर्स ने करीब 6.3 अरब डॉलर की क्रिप्टोकरेंसी पर हाथ साफ किया है। इसे क्रिप्टो इतिहास की सबसे बड़ी चोरी बताया जा रहा है। इस घटना के बाद दुनिया भर के निवेशकों की चिंता बढ़ गई है। भारत में भी बड़ी संख्या में लोग क्रिप्टोकरेंसी में निवेश करते हैं। ऐसे में इस हमले का असर भारतीय निवेशकों की नजरों में भी है।
इंजीनियर के लैपटॉप से सेंधमारी का शक
बाइनेंस के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला है कि यह सुरक्षा सेंधमारी एक इंजीनियर के हैक हुए लैपटॉप से जुड़ी हो सकती है। हैकर्स ने इस लैपटॉप के जरिए एक सर्विस कंटेनर तक पहुंच बनाई और फिर बिना अनुमति के लेन-देन किए। हालांकि, कंपनी ने अभी जांच पूरी नहीं की है। बाइनेंस ट्रेडिंग वॉल्यूम के हिसाब से दुनिया का सबसे बड़ा क्रिप्टो एक्सचेंज है और इसके 30 करोड़ से ज्यादा रजिस्टर्ड यूजर्स हैं।
3 अरब डॉलर की रकम फ्रीज
बाइनेंस का कहना है कि चोरी से जुड़ी करीब 3 अरब डॉलर की रकम ब्लॉकचेन पर फ्रीज की जा चुकी है। वहीं, लगभग 3.3 अरब डॉलर की रकम का पता लगाने और उसे वापस पाने की कोशिश जारी है। इसके लिए कानून लागू करने वाली एजेंसियों और ब्लॉकचेन से जुड़ी विशेषज्ञ कंपनियों की मदद ली जा रही है। कंपनी ने यह भी कहा है कि उसे फिलहाल ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है, जिससे किसी वॉलेट की प्राइवेट की लीक होने की पुष्टि हो।
https://twitter.com/heyibinance/status/2116021551262740985
बिटकॉइन समेत कई क्रिप्टोकरेंसी में गिरावट
बाइनेंस पर हमले की खबर के बाद क्रिप्टो बाजार में भारी बिकवाली देखने को मिली। दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन 76,500 डॉलर के स्तर से नीचे आ गई। यह इसका छह हफ्तों का निचला स्तर बताया जा रहा है। इथेरियम में भी 6.44 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा XRP, सोलाना, चेनलिंक, कार्डानो और एवलॉन्च जैसी क्रिप्टोकरेंसी भी गिरावट के साथ कारोबार करती दिखीं। डॉगकॉइन में भी 1.98 फीसदी की कमजोरी आई।
ये भी पढ़ें : 1 दिसंबर से बदलेंगे Credit Card के नियम, ट्रांसपोर्ट और फ्यूल खर्च पर लगेगा 1% अतिरिक्त चार्ज
उत्तर कोरिया के हैकर्स पर शक
अमेरिकी ब्लॉकचेन विश्लेषण कंपनी TRM लैब्स ने इस हमले के पीछे उत्तर कोरिया के हैकर्स का हाथ होने की आशंका जताई है। कंपनी के मुताबिक, दस ब्लॉकचेन पर मौजूद बाइनेंस वॉलेट से करीब 6.36 अरब डॉलर की रकम निकाली गई। इसमें ज्यादातर लेन-देन महज 20 मिनट के भीतर हुए। TRM लैब्स ने इसके लिए उत्तर कोरिया से जुड़ी हैकिंग यूनिट ट्रेडरट्रेटर पर शक जताया है। हालांकि, यह दावा जांच का हिस्सा है और इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
ग्राहकों के पैसे सुरक्षित होने का दावा
बाइनेंस की सह-संस्थापक यी हे ने कहा है कि ग्राहकों की जमा रकम पर इस घटना का असर नहीं पड़ा है और वे सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कंपनी निकासी सेवा और उससे जुड़े सुरक्षा इंतजामों को बेहतर बनाने में जुटी है। कंपनी को उम्मीद है कि अगले 48 घंटों में निकासी सेवा फिर शुरू हो जाएगी। रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 में क्रिप्टो इंडस्ट्री में हैकिंग की करीब 750 घटनाएं हुईं और संभावित नुकसान 9 अरब डॉलर तक पहुंच गया। यह पिछले साल के मुकाबले 133 फीसदी ज्यादा बताया गया है।