BJP State Incharges Changes : भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारी और सह-प्रभारियों की घोषणा कर दी है। नई सूची सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। पार्टी ने कई अनुभवी नेताओं को नई जिम्मेदारियां देकर चुनावी तैयारियों का संकेत भी दे दिया है। खास बात यह है कि कुछ नेताओं को एक से ज्यादा राज्यों की कमान सौंपी गई है।
यूपी की जिम्मेदारी फिर विनोद तावड़े के पास
उत्तर प्रदेश को लेकर बीजेपी ने बड़ा संदेश दिया है। पार्टी ने एक बार फिर विनोद तावड़े पर भरोसा जताते हुए उन्हें प्रदेश प्रभारी बनाए रखा है। उनके साथ जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, डॉ. प्रदीप वर्मा और अनंत ओझा को सह-प्रभारी बनाया गया है। 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए यूपी में संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी अब इन्हीं नेताओं के कंधों पर होगी।
स्मृति ईरानी को मिला दो राज्यों का जिम्मा
बीजेपी ने स्मृति ईरानी को हरियाणा और छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी सौंपकर बड़ा भरोसा जताया है। हरियाणा में उनके साथ डॉ. भोला सिंह और छत्तीसगढ़ में सिद्धार्थ शंभू सह-प्रभारी रहेंगे। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि स्मृति ईरानी का संगठनात्मक अनुभव इन राज्यों में चुनावी रणनीति को धार दे सकता है।
ये भी पढ़ें : समुद्र में भी होते हैं ट्रैफिक नियम, गलती पर कौन काटता है चालान? जानिए पूरी व्यवस्था
बंगाल और तेलंगाना में सुनील बंसल पर दांव
पश्चिम बंगाल और तेलंगाना जैसे अहम राज्यों की कमान सुनील बंसल को दी गई है। तेलंगाना में अभय पाटिल और रेखा शर्मा, जबकि पश्चिम बंगाल में लाल सिंह आर्य, राजेंद्र सिंह और पिंकी कुशवाहा उनकी टीम का हिस्सा होंगे। दोनों राज्यों में बीजेपी विस्तार की रणनीति पर काम कर रही है, ऐसे में यह जिम्मेदारी काफी अहम मानी जा रही है।
राम माधव की वापसी, दक्षिण और पहाड़ दोनों पर नजर
राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड का प्रभारी बनाया गया है। तमिलनाडु में निर्मल कुमार सुराणा और डी.के. अरुणा, जबकि उत्तराखंड में अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज सह-प्रभारी की भूमिका निभाएंगे। पार्टी दक्षिण भारत और पहाड़ी राज्यों में संगठन को और मजबूत करने की कोशिश में जुटी हुई है।
कई नेताओं को मिली एक से ज्यादा जिम्मेदारी
नई सूची में कई ऐसे चेहरे हैं जिन्हें एक साथ दो-दो राज्यों की जिम्मेदारी दी गई है। हरीश द्विवेदी बिहार और कर्नाटक के प्रभारी बनाए गए हैं, जबकि डॉ. सतीश पूनिया को जम्मू-कश्मीर और पंजाब की कमान मिली है। वहीं अनिल एंटनी को नागालैंड का प्रभारी और गोवा का सह-प्रभारी बनाया गया है। बीजेपी का यह संगठनात्मक बदलाव आने वाले चुनावी मुकाबलों से पहले पार्टी की नई रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।