.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D80722c2c-1fd5-48a9-b567-661ab2e22b8c&w=3840&q=75)
BJP attacks Rahul Gandhi: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा वार करते हुए कहा है कि अगर उन्हें चुनाव आयोग पर भरोसा नहीं है तो उन्हें नैतिक आधार पर लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे देना चाहिए। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने अपने 'वोट चोरी' वाले दावे पर लिखित बयान नहीं दिया और सिर्फ मीडिया के सामने बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी और सांसद प्रियंका गांधी को भी चुनाव प्रक्रिया पर भरोसा नहीं है, तो उन्हें भी अपने-अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
चुनाव आयोग पर सवाल, भाजपा का पलटवार
भाटिया ने सुप्रीम कोर्ट के पुराने फैसले का हवाला देते हुए कहा कि देश की सर्वोच्च अदालत ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता को प्रमाणित किया है और वर्षों से यह संस्था ईमानदारी की पहचान रखती है। उन्होंने मांग की कि कांग्रेस शासित राज्यों – कर्नाटक, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश – के मुख्यमंत्रियों को भी इस्तीफा देना चाहिए, क्योंकि उनके शीर्ष नेता आयोग पर सवाल खड़े कर रहे हैं। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस को जो फैसले अनुकूल लगते हैं, उन्हें मान लिया जाता है और जो असुविधाजनक होते हैं, उन्हें नकारकर संस्थाओं पर अविश्वास जताया जाता है।
राहुल गांधी का बयान और भाजपा की प्रतिक्रिया
राहुल गांधी ने बंगलूरू में 'वोट अधिकार रैली' के दौरान कहा था कि उन्होंने संसद में संविधान के सामने शपथ ली है, जो पर्याप्त है। यह प्रतिक्रिया तब आई जब चुनाव आयोग ने उनसे आरोपों को लेकर शपथ-पत्र की मांग की थी। भाजपा ने इस बयान को खारिज करते हुए राहुल गांधी को 'अपरिपक्व' और 'विध्वंसक' बताया। भाटिया ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं और चुनाव आयोग पर दबाव बनाने के लिए धमकाने की रणनीति अपना रहे हैं।