
BJP finalizes candidates: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। एनडीए में सीट बंटवारे के बाद बीजेपी ने सभी 101 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए हैं। सूत्रों के अनुसार, पार्टी इस बार 16 मौजूदा विधायकों के टिकट काट सकती है और 75 साल से अधिक उम्र वाले वरिष्ठ नेताओं को भी मौका दिया जाएगा। चर्चा है कि पार्टी कुछ केंद्रीय नेताओं को भी मैदान में उतारने पर विचार कर रही है ताकि संगठन को मजबूती मिले और चुनावी समीकरणों में बढ़त बनाई जा सके।
टिकट बंटवारे में संतुलन पर जोर
बिहार बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बताया कि पार्टी सोमवार शाम से प्रत्याशियों की घोषणा शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि एनडीए गठबंधन में किसी तरह की नाराजगी नहीं है और सभी दल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एकजुट हैं। जायसवाल ने कहा, “हम पांच पांडवों की तरह चट्टानी एकता के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे।” बीजेपी 101, जेडीयू 101, एलजेपी (रामविलास) 29, आरएलएम 6 और हम 6 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
गठबंधन में नाराजगी की सुगबुगाहट
हालांकि एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर सब कुछ सहज नहीं दिख रहा है। उपेंद्र कुशवाहा और जीतन राम मांझी की पार्टी में असंतोष की खबरें हैं। कुशवाहा ने सोशल मीडिया पर इशारों में नाराजगी जताते हुए लिखा, “जहां मेरा घर था, वहीं बारिश की।” पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कई ऐसी सीटें जिन पर कुशवाहा का दावा था, उन्हें नहीं मिल पाईं, जिससे उनके समर्थकों में नाराजगी है। हालांकि, शीर्ष नेतृत्व का दावा है कि जल्द ही सभी मतभेद दूर कर लिए जाएंगे और गठबंधन मजबूती से चुनाव लड़ेगा।