
BJP-JDU Seat-sharing: बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की हालिया मुलाकात के बाद यह लगभग तय माना जा रहा है कि बीजेपी और जेडीयू के बीच सीट शेयरिंग को लेकर समझौता हो गया है। इस बैठक में नीतीश कुमार के साथ उनके करीबी संजय झा और विजय चौधरी भी मौजूद थे। सूत्रों के मुताबिक, गठबंधन सीट बंटवारे का ऐलान नवरात्र के दौरान कर सकता है, ताकि इसे शुभ अवसर मानते हुए जनता के बीच एकजुटता का संदेश भेजा जा सके। माना जा रहा है कि दुर्गा पूजा के बाद कभी भी विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो सकता है और छठ के बाद मतदान होने की संभावना है।
NDA में रणनीति और समीकरण
2020 के विधानसभा चुनावों में जेडीयू को अपेक्षित सफलता नहीं मिली थी और बीजेपी बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी। हालांकि, नीतीश कुमार के हाल ही में एनडीए में वापसी करने से समीकरण बदल गए हैं। भाजपा नेतृत्व चाहता है कि गठबंधन मजबूती से आगे बढ़े ताकि विपक्षी गठबंधन INDIA को चुनौती दी जा सके। वहीं, नीतीश कुमार भी गठबंधन में सम्मानजनक हिस्सेदारी चाहते हैं और इस बार सीट बंटवारे में उनकी भूमिका अहम होगी।
यह भी देखेंःDelhi School Bomb Threat: दिल्ली के कई स्कूलों को बम धमकी से मचा हड़कंप, पुलिस अलर्ट पर
सहयोगी दलों से भी होगी चर्चा
सूत्रों के अनुसार, बीजेपी और जेडीयू के बीच सीट बंटवारे का प्रारंभिक खाका तैयार कर लिया गया है। अब इस समझौते को अंतिम रूप देने के लिए लोजपा, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक समता पार्टी जैसे अन्य सहयोगियों से बातचीत की जाएगी। एनडीए की कोशिश है कि सभी दलों को संतुलित हिस्सेदारी दी जाए ताकि चुनाव से पहले कोई असंतोष न पैदा हो और गठबंधन मजबूती से मैदान में उतर सके।