BJP preparing for 2027: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की घोषणा के कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि अगर मतदाता सूची सुधार (एसआईआर) का काम ईमानदारी और गंभीरता से किया गया तो भाजपा को अगले चुनाव में प्रचंड बहुमत मिलेगा। सीएम योगी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रदेश की आबादी करीब 25 करोड़ है, ऐसे में मतदाता सूची में नामों की संख्या अपेक्षा से कम है। उन्होंने आंकड़ों के जरिए बताया कि बड़ी संख्या में ऐसे मतदाता छूट गए हैं, जो वास्तव में भाजपा समर्थक हैं और उन्हें जोड़ना बेहद जरूरी है।
मतदाता सूची पर फोकस की नसीहत
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि चुनाव मैदान में नहीं, बल्कि बूथ पर जीते जाते हैं। हर बूथ पर मतदाता सूची की जांच करें और गलत नामों पर आपत्ति दर्ज कराएं। साथ ही, जिन मतदाताओं के नाम छूट गए हैं, उनके फॉर्म तुरंत भरवाएं। सीएम योगी ने फर्जी मतदाताओं का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ जगहों पर संदिग्ध और बाहरी लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिन्हें हटाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अगर यह काम अभी कर लिया गया, तो चुनाव के समय पार्टी की तीन-चौथाई मेहनत पहले ही पूरी हो जाएगी।
यह भी देखेंःCM Fadnaviss big statement: मुंबई को महाराष्ट्र से अलग करने की अफवाहों पर सीएम फडणवीस का बड़ा बयान!
विकास कार्यों के दम पर जीत का भरोसा
सीएम योगी ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश अराजकता और अव्यवस्था से जूझ रहा था, जबकि अब राज्य दंगामुक्त है और निवेश का केंद्र बन चुका है। उन्होंने बताया कि यूपी में बड़े पैमाने पर एक्सप्रेसवे बने हैं, लाखों युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है और करोड़ों लोगों को रोजगार से जोड़ा गया है। नए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की तारीफ करते हुए सीएम योगी ने कहा कि राजनीतिक स्थिरता और डबल इंजन सरकार की ताकत के बल पर भाजपा 2027 में भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।