BJP releases first list: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है, जिसमें 144 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं। पार्टी ने नेता विपक्ष शुभेंदु अधिकारी को नंदीग्राम के साथ-साथ भवानीपुर सीट से भी चुनावी मैदान में उतारकर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।
ममता बनर्जी पर नजर
भवानीपुर सीट से वर्तमान में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी विधायक हैं। ऐसे में भाजपा द्वारा शुभेंदु अधिकारी को यहां से उम्मीदवार बनाए जाने को बड़ा राजनीतिक दांव माना जा रहा है। इससे दोनों नेताओं के बीच संभावित सीधी टक्कर की चर्चा तेज हो गई है।
राजनीतिक महत्व
नंदीग्राम सीट पहले भी राज्य की राजनीति का केंद्र रही है। पिछले विधानसभा चुनाव में इसी सीट से शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को करीबी मुकाबले में हराया था। बाद में ममता बनर्जी ने भवानीपुर सीट से उपचुनाव लड़कर विधानसभा में वापसी की थी। इस बार भाजपा ने फिर उसी रणनीति के तहत अधिकारी को मैदान में उतारा है।
BJP announces first list of 144 candidates for the upcoming West Bengal Assembly Elections pic.twitter.com/QHLfHAUNFF
— ANI (@ANI) March 16, 2026
यह भी देखेंःएलपीजी संकट के बीच गाजियाबाद में बढ़ी पीएनजी की मांग, कुछ ही दिनों में हजारों नए कनेक्शन
अन्य नेताओं को भी मिला मौका
भाजपा ने अपनी सूची में कई प्रमुख नेताओं को टिकट दिया है। दिलीप घोष को बोलपुर से उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि आसनसोल दक्षिण से अग्निमित्रा पॉल को मैदान में उतारा गया है। इसके अलावा स्वपन दासगुप्ता, दीपक कुमार हलदर, कृष्णेंदु मुखर्जी, बापन घोष और शंकर घोष समेत कई अन्य नेताओं को भी विभिन्न सीटों से उम्मीदवार घोषित किया गया है।
दो चरणों में होगा विधानसभा चुनाव
चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों पर मतदान दो चरणों में कराया जाएगा। पहला चरण 23 अप्रैल और दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी। पिछले चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने बहुमत के साथ सरकार बनाई थी और भाजपा मुख्य विपक्षी दल के रूप में उभरी थी।