Blast at Chandigarh BJP office: चंडीगढ़ में बीजेपी दफ्तर के बाहर हुए धमाके ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। शाम करीब 5 बजे हुए इस लो-इंटेंसिटी ब्लास्ट में दफ्तर की दीवार पर 70-80 छर्रों के निशान पाए गए। घटना के बाद से हमले के पैटर्न को लेकर सवाल उठ रहे हैं और आतंकी साजिश की आशंका भी जताई जा रही है।
हमले का पैटर्न बना चिंता की वजह
जिस तरीके से इस हमले को अंजाम दिया गया, वह पहले पंजाब में पुलिस चौकियों और थानों पर हुए ग्रेनेड हमलों से मिलता-जुलता बताया जा रहा है। ऐसे मामलों में अक्सर आतंकियों द्वारा गैंगस्टरों की मदद ली जाती रही है। इसी कारण जांच में एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स को भी शामिल किया गया है, ताकि किसी बड़े नेटवर्क की कड़ी जोड़ी जा सके।
वायरल वीडियो ने बढ़ाए सवाल
घटना के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ है, जिसमें एक व्यक्ति ग्रेनेड जैसी वस्तु फेंकता नजर आ रहा है। हालांकि चंडीगढ़ पुलिस ने अभी तक इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। वीडियो में दिख रहा है कि हमलावर घटना को रिकॉर्ड करने के बाद मौके से फरार हो गया।
यह भी देखेंःपश्चिम एशिया संकट पर पीएम आवास में CCS की बैठक, ऊर्जा आपूर्ति और रणनीति पर मंथन
पाकिस्तान कनेक्शन की जांच
जांच एजेंसियां इस एंगल पर भी काम कर रही हैं कि कहीं इस हमले के पीछे आईएसआई या विदेश में बैठे आतंकी संगठनों का हाथ तो नहीं है। पहले भी ऐसे मामलों में सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी लेने के वीडियो सामने आते रहे हैं, लेकिन इस घटना में अभी तक किसी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है।
जांच जार
धमाका जिस इलाके में हुआ, वहां कई महत्वपूर्ण संस्थान मौजूद हैं, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है। पुलिस के अनुसार, धमाके में एक कार का शीशा भी टूट गया, लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से जांच कर रही हैं।