Bandar Release Date: सिनेमा जगत के दिग्गज निर्देशक अनुराग कश्यप और अभिनेता बॉबी देओल की जोड़ी अब बड़े पर्दे पर धमाका करने को तैयार है। हाल ही में फिल्म का पहला लुक जारी किया गया है। बॉबी के नए लुक को देखने के बाद फैंस और ज्यादा उत्साहित हो गए हैं। सोशल मीडिया पर एक्टर के लुक काफी तारीफ हो रही है। जेल की सलाखों के पीछे इंटेंस लुक में नजर आ रहे 'लॉर्ड बॉबी' की इस फिल्म की रिलीज डेट से भी पर्दा उठ चुका है। आखिर किस कानूनी जाल में फंसे हैं बॉबी और कब रिलीज होगी यह फिल्म?
इस दिन रिलीज होगी
आपको बता दें कि बॉबी देओल की ये फिल्म 22 मई 2026 को वर्ल्डवाइड रिलीज होगी। लेकिन सिनेमाघरों में रिलीज होने से पहले, 'बंदर' का वर्ल्ड प्रीमियर प्रतिष्ठित 50वें टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (TIFF) में किया जाएगा। इस फिल्म को निखिल द्विवेदी ने प्रोड्यूस किया है और इसके पीछे ज़ी स्टूडियोज का बड़ा हाथ है।
कैसा है बॉबी देओल का नया लुक?
फिल्म का ऑफिशियल पोस्टर बॉबी देओल के चेहरे का एक क्लोज-अप शॉट है। फिल्म के पोस्टर में बॉबी देओल का 'बंदर' वाला अवतार काफी डार्क और इंटेंस नजर आ रहा है। बिखरे बाल, लंबी दाढ़ी और आंखों में एक अजीब सा डर और गुस्सा—बॉबी का यह ट्रांसफॉर्मेशन उनके करियर का अब तक का सबसे अलग लुक माना जा रहा है। पोस्टर में उन्हें सलाखों के पीछे दिखाया गया है, जो फिल्म की कहानी की गंभीरता को बयां कर रहा है। इस फिल्म की स्टारकास्ट काफी प्रभावशाली है, इसमें बॉबी देओल के साथ सान्या मल्होत्रा, सबा आजाद और सपना पब्बी जैसे मंझे हुए कलाकार नजर आएंगे।
फिल्म की कहानी
निर्देशक अनुराग कश्यप ने खुलासा किया कि 'बंदर' की कहानी एक वास्तविक अखबार के लेख से प्रेरित है, जो प्रोड्यूसर निखिल द्विवेदी ने उन्हें दिया था। फिल्म की कहानी समर (बॉबी देओल) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक समय का सुपरस्टार टीवी अभिनेता है। समर की जिंदगी तब पलट जाती है जब उस पर यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगता है। इसके बाद शुरू होती है कोर्ट-कचहरी और जेल की वो जंग, जहाँ सच और झूठ के बीच की लकीर धुंधली हो जाती है। निर्माता निखिल द्विवेदी का मानना है कि यह विषय कमर्शियल और ऑफबीट सिनेमा के बीच के अंतर को खत्म करने की क्षमता रखता है।
बॉक्स ऑफिस पर टक्कर
रिलीज के साथ ही 'बंदर' को बॉक्स ऑफिस पर कड़ा मुकाबला मिलने वाला है। यह फिल्म मिलाप ज़वेरी की 'तेरा यार हूं मैं' से क्लैश करेगी, जिसमें अमन इंद्र कुमार, आकांक्षा शर्मा और परेश रावल मुख्य भूमिकाओं में हैं। लेकिन बॉबी की मौजूदा लोकप्रियता को देखते हुए 'बंदर' का पलड़ा भारी दिखता नजर आ रहा है।