Border 2 Box Office Collection: बॉलीवुड सुपरस्टार सनी देओल की फिल्म बॉर्डर 2 सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है और कमाल का प्रदर्शन कर रही है। इस फिल्म ने रिलीज के साथ ही धुरंधर का खेल तमाम कर दिया है। यह फिल्म पहले दिन से ही डबल डिजिट में कमाई कर रही है और हर बीतते दिन के साथ नए रिकॉर्ड बना रही है। फिल्म ने सिर्फ तीन दिन के अंदर 100 करोड़ के क्लब में एंट्री मार ली है। तो आइए जानते हैं फिल्म ने अब तक कुल कितनी कमाई की।
बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
Sacnilk के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, बॉर्डर 2 ने रिलीज के पहले दिन यानि शुक्रवार को 30 करोड़ और दूसरे दिन शनिवार को 36.5 करोड़ की तूफानी कमाई की थी। लेकिन फिल्म ने रविवार को एक लंबी छलांग लगाई और फिल्म ने तीसरे दिन यानि रविवार को करीब 54.5 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक कलेक्शन किया। अब फिल्म का कुल कलेक्शन 121 करोड़ रुपये हो गया है।
छावा को रिकॉर्ड तोड़ा
इसी के साथ 'बॉर्डर 2' साल 2026 की पहली हिंदी फिल्म बन गई है, जिसने सिर्फ तीन दिनों में 100 करोड़ का जादुई आंकड़ा पार किया है। बॉर्डर 2 ने तीसरे दिन 100 करोड़ के क्लब में एंट्री मार ब्लॉकबस्टर फिल्म विक्की कौशल की फिल्म छावा का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। छावा ने तीन दिनों में 116.5 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था।
वर्ल्डवाइड कलेक्शन
'बॉर्डर 2' विदेशों में भी खूब गर्दा उड़ा रही है। इसने तीन दिन में दुनियाभर में 158.5 करोड़ रुपये की कमाई की है। वहीं, ओवरसीज इसने 16 करोड़ कमाए हैं। ग्रॉस कलेक्शन भारत में 142.5 करोड़ रुपये हो गया है।
गणतंत्र दिवस पर आएगा तूफान
फिल्म 'बॉर्डर 2' को 26 जनवरी यानि आज का भी फायदा मिलेगा। 1997 में आई फिल्म के इस सीक्वल से वैसे भी लोग बहुत कनेक्टेड हैं। इसके गाने, इसके कलाकार और फिर अक्षय खन्ना, सुनील शेट्टी, सुदेश बैरी और पुनीत इस्सर का कैमियो भी लोगों को थिएटर में खींच रहा है। देशभक्ति के इस माहौल में फिल्म की कमाई में एक और बड़ा उछाल आना तय माना जा रहा है।
फिल्म की कास्ट
आपको बता दें कि अनुराग सिंह के डायरेक्शन में बनी बॉर्डर 2 की कहानी सुमित अरोड़ा और खुद डायरेक्टर आदित्य ने मिलकर लिखी है। इस फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी लीड रोल में हैं। मिली जानकारी के मुताबिक फिल्म का बजट करीब 275 करोड़ है। वहीं तीन दिन में बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की रफ्तार देखते हुए ऐसा लग रहा है कि ये फिल्म कुछ ही दिनों में बजट वसूल कर सकती है।