जिस तरह बॉलीवुड की फिल्मों में बैंड-बाजा बजता है, बाराती ढोल पर नाचते हैं, डीजे पर थिरकते हैं और अचानक आखिरी सीन में ऐसा ट्वीस्ट आता है कि पूरा थिएटर चौंक उठता है ठीक वैसा ही ट्वीस्ट बाराबंकी में रीयल लाइफ में देखने को मिला. जहां बारात आई… डांस हुआ… फेरे हुए… लेकिन सुबह जब विदाई का सीन शूट होना था तो दुल्हन गायब हो गई, ये ऐसा सीन था जिसने दूल्हे के अरमानों पर तो पानी फेरा ही साथ ही हर किसी को हक्का-बक्का कर दिया,
तीन बीघा जमीन तक गिरवी रख दी
बता दें ये पूरा मामला बंकी कस्बे के दक्षिण टोला का है, जहां मंगलवार रात शादी धूमधाम से हुई. दुल्हन पल्लवी और दूल्हा सुशील की जोड़ी मंच पर सभी को खूब पसंद आई. दोनों ने डीजे पर एक साथ डांस किया, जयमाला डाली, वरमाला के बाद खूब फोटो खिंचवाई. रिश्तेदार शादी की तारीफ करते नहीं थक रहे थे लेकिन जो बात किसी को नहीं पता थी, वो ये कि रात खत्म होते-होते दुल्हन अपना मन पहले ही कहीं और लगा चुकी थी. इतना ही नहीं, दूल्हे सुशील ने इस शादी में अपनी तीन बीघा जमीन तक गिरवी रख दी थी, सिर्फ इसलिए कि दुल्हन को कोई कमी न लगे जेवर, कपड़े, सजावट सब कुछ शानदार हो लेकिन ये नहीं पता था कि जिस लड़की के लिए इतना खर्च किया जा रहा है, वो विदाई आने से पहले ही अपना भविष्य किसी और के साथ तय करके बैठी है.
विदाई की रस्म शुरू होने से पहले माहौल गर्म
बुधवार सुबह जब विदाई की रस्म शुरू होने वाली थी, तभी घर में अफरा-तफरी मच गई. दुल्हन को बुलाने के लिए महिलाएं उसके कमरे में गईं, लेकिन अंदर कोई नहीं था. धीरे-धीरे बात पूरे घर में फैल गई और फिर बाहर बैठे बारातियों तक पहुंची. दूल्हे के भाई-बंधु अंदर भागे, दुल्हन के पिता बंशीलाल के हाथ-पैर फूल गए. लोग एक-दूसरे को देख रहे थे और खुद ही पूछ रहे थे इतने बड़े घर से कोई लड़की कैसे गायब हो सकती है.
आधी जमीन इस शादी में झोंक दी थी
जैसे-जैसे समय बढ़ता गया, माहौल बिगड़ने लगा. दूल्हा सुशील, जिसने अपनी आधी जमीन इस शादी में झोंक दी थी, वो रो-रोकर बेहाल हो गया. दूल्हे के परिजन कहने लगे समझ नहीं आ रहा, जिस लड़की से फेरे लिए, वो बिना बताए कहां चली गई. दूसरी तरफ दुल्हन का परिवार भी सदमे में था लेकिन बारातियों ने आरोप लगाना शुरू कर दिया कि कुछ तो गड़बड़ है. धीरे-धीरे मामला इतना बिगड़ा कि दोनों पक्षों में जमकर बहस हो गई. कुछ बाराती मौका देखकर चुपके से वहां से निकल भी गए. दूल्हा अपनी किस्मत पर रोता रह गया और परिजनों की आंखों के सामने उसकी पूरी शादी बिखर गई.
इसे भी पढ़ें : Earthquake In Kolkata: कोलकाता में भूकंप के तेज झटके, रिक्टर स्केल पर 5.6 मापी गई तीव्रता, ढाका तक महसूस किए गए झटके
मामला अचानक नया मोड़ लेता दिखा
जब खोजबीन से भी कुछ हाथ नहीं लगा, तब मामला अचानक नया मोड़ लेता दिखा. गांव में धीरे-धीरे चर्चा फैलने लगी कि पल्लवी का पहले से किसी और से प्रेम संबंध था, और यही वजह है कि वो विदाई से पहले हवा हो गई. रात में ही मौका देखकर वो अपने प्रेमी के साथ भागी होगी ऐसी आशंका जताई जाने लगी. शादी की सभी रस्में पूरी करने के बाद दुल्हन अचानक ऐसे गायब हो जाएगी ये सोचकर दूल्हा और दोनों परिवार सदमे में चले गए, हालांकि हंगामा बढ़ता देख बंकी चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से पूछताछ की. दूल्हे पक्ष ने दुल्हन के परिवार के खिलाफ शिकायत दी है, जबकि दुल्हन की तलाश अब पुलिस कर रही है. फिलहाल न दुल्हन का फोन ऑन है, न कोई लोकेशन मिल रही है. पुलिस प्रेमी के एंगल से जांच कर रही है और गांव में भी कई जगहों पर पूछताछ चल रही है, अब आगे क्या होता है ये देखने वाली बात होगी. लेकिन फिलहाल दूल्हे के अरमानों पर पानी फिर गया और बारात बैरंग लौट आई है.