BSNL JTO Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए सुनहरा मौका है। जी हां दरअसल, सरकारी कंपनी भारतीय संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने जूनियर टेलिकॉम ऑफिसर (JTO) के पदों पर भर्ती निकाली है। इस भर्ती के जरिए कुल 100 पदों को भरा जाएगा। इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 4 जून से शुरू होंगे। इच्छुक उम्मीदवार बीएसएनएल की ऑफिशियल वेबसाइट bsnl.co.in पर जाकर आवेदन कर सकेंगे।
क्या चाहिए योग्यता
इन पदों पर आवेदन करनेके लिए उम्मीदवार के पास B.E./B.Tech या समकक्ष इंजीनियरिंग डिग्री होना जरूरी है। टेलीकम्युनिकेशन, इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर साइंस, आईटी और इलेक्ट्रिकल शाखा के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।
आयु सीमा
इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 20 साल होनी चाहिए और अधिकतम आयु 30 साल निर्धारित की गई है। वहीं आरक्षित वर्ग से आने वाले उम्मीदवारों को सरकारी नियमानुसार आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।
आवेदन शुल्क
आवेदन शुल्क की बात करें तो इन पदों पर आवेदन करने के लिए सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 2000 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। वहीं SC, ST और PwBD वर्ग के लोगों को 1000 रुपये आवेदन शुल्क जमा करना होगा।
यह भी पढ़ें: AI से किन नौकरियों पर संकट? खुद एआई मॉडल्स के जवाबों ने चौंकाया; नई रिसर्च में हुआ बड़ा खुलासा
चयन प्रक्रिया और सैलरी
इस भर्ती के लिए उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) के आधार पर किया जाएगा। परीक्षा में इंजीनियरिंग विषयों के साथ जनरल एबिलिटी और सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे.परीक्षा में कुल 120 प्रश्न होंगे। जो अभ्यर्थी भर्ती परीक्षा में निर्धारित कटऑफ प्राप्त करेंगे उनको रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रदान की जाएगी। चयनित होने वाले युवाओं को 16400 से लेकर 40500 रुपये प्रतिमाह सैलरी प्रदान की जाएगी।
कैसे कर सकेंगे आवेदन
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार को सबसे पहले BSNL की आधिकारिक वेबसाइट bsnl.co.in पर जाना होगा। फिर भर्ती से संबंधित लिंक पर क्लिक करना होगा और रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद लॉगिन कर मांगी गई सभी जानकारी दर्ज करना होगा और डॉक्यूमेंटस अपलोड करना होगा। अंत में आवेदन शुल्क जमा कर फॉर्म को सबमिट कर देना है। बता दें कि आवेदन की अंतिम तारीख 3 जुलाई 2026 तय की गई है।