Budget 2026: देश का आम बजट 2026 एक नए रिकॉर्ड के साथ पेश होने जा रहा है। पहली बार ऐसा होगा जब केंद्रीय बजट रविवार के दिन संसद में रखा जाएगा। संसदीय मामलों की कैबिनेट कमिटी (CCPA) की बैठक में बजट सत्र की तारीखों को अंतिम रूप दे दिया गया है। इस फैसले के साथ ही आगामी बजट सत्र का पूरा रोडमैप भी साफ हो गया है।
दो चरणों में होगा बजट सत्र
CCPA बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की। बैठक में तय किया गया कि बजट सत्र दो हिस्सों में आयोजित किया जाएगा। पहला चरण 28 जनवरी से 13 फरवरी तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण 9 मार्च से 2 अप्रैल तक होगा। इस दौरान संसद में बजट से जुड़े सभी अहम विधायी कार्य पूरे किए जाएंगे।
राष्ट्रपति के अभिभाषण से होगी शुरुआत
बजट सत्र की औपचारिक शुरुआत 28 जनवरी को राष्ट्रपति के अभिभाषण से होगी। इसके बाद 1 फरवरी 2026 को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लोकसभा में आम बजट पेश करेंगी। खास बात यह है कि यह दिन रविवार का है, जो बजट के इतिहास में पहली बार होगा।
यह भी देखेंःHeavy Rain Alert in many states: मौसम का बदला मिज़ाज, अगले तीन दिन कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
निर्मला सीतारमण का 9वां बजट
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का यह लगातार नौवां बजट होगा। बजट सत्र के दूसरे चरण में अनुदान मांगों पर चर्चा और वित्त विधेयक को पारित किया जाएगा। सरकार की आर्थिक प्राथमिकताओं और नीतियों पर इस दौरान विस्तार से बहस होगी।
1 फरवरी की परंपरा
2017 से केंद्र सरकार हर साल 1 फरवरी को बजट पेश कर रही है। इससे पहले बजट 28 फरवरी को प्रस्तुत किया जाता था। इस बार 1 फरवरी रविवार को पड़ रहा है और उसी दिन गुरु रविदास जयंती भी है। रविवार होने के कारण सरकारी दफ्तर और शेयर बाजार बंद रहेंगे, हालांकि संसद का विशेष सत्र निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चलेगा।