Heavy Rain Alert in many states: देश के कई हिस्सों में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। जहां कुछ राज्यों में ठंड का असर दिखने लगा है, वहीं कई इलाकों में बारिश का दौर अभी जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक अगले तीन दिनों तक देश के अलग-अलग हिस्सों में तेज से बहुत तेज बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया गया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
अलर्ट जारी
केरल में मानसून की सक्रियता अभी भी बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई जिलों में अगले तीन दिन लगातार तेज बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
फिर बदला रुख
तमिलनाडु में मानसून के बाद भी बारिश का सिलसिला थमा नहीं है। IMD का कहना है कि आने वाले तीन दिनों में राज्य के कई हिस्सों में झमाझम बारिश देखने को मिल सकती है। तटीय क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की आशंका है, जिससे समुद्र में जाने वाले मछुआरों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
यह भी देखेंःKerala Elections: केरल चुनाव में BJP के खिलाफ मोर्चाबंदी, जमात का ऐलान, रहमान ने बताया समर्थन का फॉर्मूला
इन राज्यों में बारिश
अरुणाचल प्रदेश और कर्नाटक में अगले तीन दिनों तक कई स्थानों पर जोरदार बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। तटीय आंध्र प्रदेश में भी मौसम बिगड़ सकता है और कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की जा सकती है।
उत्तर से दक्षिण तक असर
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, अंडमान-निकोबार, पुडुचेरी, यनम, माहे और कराईकल में भी अगले तीन दिन बारिश का दौर बना रह सकता है। लोगों को यात्रा और दैनिक गतिविधियों के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।