Budget Session 2026: संसद का बजट सत्र 2026 तय कार्यक्रम के तहत 28 जनवरी से शुरू होकर 2 अप्रैल 2026 तक चलेगा। भारत सरकार की सिफारिश पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दोनों सदनों को सत्र के लिए आहूत करने की मंजूरी दे दी है। यह सत्र दो चरणों में आयोजित होगा, जिसमें सरकार की आर्थिक नीतियों और आगामी वित्तीय वर्ष की प्राथमिकताओं पर व्यापक चर्चा होगी।
दो चरणों में होगा सत्र
बजट सत्र का पहला चरण 28 जनवरी 2026 से शुरू होकर 13 फरवरी 2026 तक चलेगा। इसके बाद संसद का अवकाश रहेगा और दूसरा चरण 9 मार्च 2026 से दोबारा शुरू होकर 2 अप्रैल 2026 को समाप्त होगा। इस दौरान बजट पर बहस, अनुदान मांगों और अन्य विधायी कार्यों को निपटाया जाएगा।
आर्थिक सर्वेक्षण की तारीख तय
केंद्रीय बजट से पहले सरकार 29 जनवरी 2026 को आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 संसद में पेश करेगी। आर्थिक सर्वेक्षण में देश की अर्थव्यवस्था की स्थिति, चुनौतियों और संभावनाओं का आकलन किया जाएगा, जो बजट चर्चा की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाता है।
यह भी देखेंःMamata Banerjee: मुंह खोल दिया तो पूरा देश हिल जाएगा… ED रेड के खिलाफ ममता बनर्जी का तीखा पलटवार
रविवार को पेश होगा केंद्रीय बजट
इस बार केंद्रीय बजट 2026-27 एक खास दिन पेश किया जाएगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी 2026 को बजट पेश करेंगी, जो कि रविवार है। आमतौर पर संसद की कार्यवाही सप्ताह के कार्यदिवसों में होती है, ऐसे में रविवार को बजट पेश होना एक दुर्लभ अवसर माना जा रहा है।
परंपरा और उद्देश्य
हालांकि 2017 से बजट 1 फरवरी को पेश करने की परंपरा शुरू हुई थी, ताकि 1 अप्रैल से पहले धनराशि के आवंटन को मंजूरी मिल सके। लेकिन रविवार को बजट आना कम ही देखने को मिलता है। सरकार का उद्देश्य समय पर वित्तीय प्रक्रियाएं पूरी करना और नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत बिना किसी देरी के सुनिश्चित करना है।