Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल में I-PAC कार्यालय पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी के बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। इस कार्रवाई के विरोध में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता में एक रैली निकाली, जहां उन्होंने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर सीधे हमले किए। ममता ने इसे लोकतंत्र पर हमला बताते हुए कहा कि एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक बदले के लिए किया जा रहा है।
बीजेपी पर जबरन सत्ता हथियाने का आरोप
रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि बीजेपी हरियाणा, बिहार और अन्य राज्यों की तरह पश्चिम बंगाल में भी जबरदस्ती सत्ता में आने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी लोकतांत्रिक प्रक्रिया से नहीं, बल्कि दबाव और एजेंसियों के सहारे सत्ता पाना चाहती है, जो बंगाल में कभी सफल नहीं होगा।
SIR और पहचान को लेकर सवाल
मुख्यमंत्री ने SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के नाम पर आम लोगों को परेशान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया। ममता ने दावा किया कि बंगाली भाषा बोलने वालों को बांग्लादेशी कहकर निशाना बनाया जा रहा है, जबकि दूसरे राज्यों में ऐसा रवैया नहीं अपनाया जा रहा।
यह भी देखेंःIndia refutes claims: PM मोदी ने ट्रेड डील के लिए ट्रंप को फोन नहीं किया, भारत ने दावों को किया खारिज
कोयला घोटाले पर तीखा बयान
ममता बनर्जी ने कोयला घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि अगर उन्होंने इस मुद्दे पर बोलना शुरू किया तो “पूरा देश हिल जाएगा।” उन्होंने दावा किया कि उनके पास सारी जानकारी है कि कोयला घोटाले का पैसा किसने और कैसे इस्तेमाल किया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर हमला हुआ तो वे चुप नहीं बैठेंगी।
‘मुझे पलटवार करना आता है’
मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि वह आमतौर पर प्रतिक्रिया नहीं देतीं, लेकिन जब किसी को चोट पहुंचाई जाती है तो वह जवाब देना जानती हैं। ममता ने कहा कि बीजेपी के फैसलों का जवाब सार्वजनिक मंच से दिया जाएगा और आने वाले समय में राजनीति और तेज होगी। उन्होंने दो टूक कहा कि बंगाल में बीजेपी का सपना पूरा नहीं होगा।