Thar-Bullet owners: हरियाणा के पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने साफ शब्दों में कहा है कि सड़क किसी की जागीर नहीं है और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ पुलिस पूरी सख्ती से कार्रवाई करेगी। NDTV को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में DGP ने कहा कि कुछ लोग थार और बुलेट जैसी गाड़ियों को रौब दिखाने का जरिया बना लेते हैं और खुद को कानून से ऊपर समझने लगते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क पर बदमाशी, शराब पीकर गाड़ी चलाना या दूसरों की जान खतरे में डालना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
VIP कल्चर पर चोट, भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस
DGP ओपी सिंह ने VIP कल्चर पर बड़ा प्रहार करते हुए कहा कि पुलिस सुरक्षा दिखावे की चीज नहीं है। केवल वहीं सुरक्षा दी जानी चाहिए, जहां वास्तव में खतरा हो। इसी नीति के तहत कई VIP की सुरक्षा हटाई गई है और जवानों को अब आम जनता की सुरक्षा में लगाया गया है। उन्होंने यह भी साफ किया कि पुलिस में भ्रष्टाचार के लिए कोई जगह नहीं है। अगर कोई पुलिसकर्मी रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा जाता है और सबूत मौजूद होते हैं, तो बिना लंबी जांच के सीधे नौकरी से बर्खास्त किया जाएगा।
यह भी देखेंःUP Weather: मौसम विभाग ने आज भीषण ठंड की चेतावनी जारी की, 22 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया
गुरुग्राम-नूंह पर फोकस, बदमाशों पर कड़ी नजर
गुरुग्राम और नूंह को लेकर DGP ने अपना एक्शन प्लान साझा किया। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में बेवजह बैरिकेडिंग नहीं की जाएगी ताकि आम लोगों को ट्रैफिक की परेशानी न हो। चेकिंग सिर्फ खुफिया सूचना के आधार पर ही होगी। वहीं नूंह या मेवात को लेकर उन्होंने कहा कि पूरा इलाका खराब नहीं है, वहां के ज्यादातर लोग कानून का पालन करते हैं। लेकिन जो मुट्ठी भर लोग गलत गतिविधियों में शामिल हैं, उन पर CID और पुलिस की पैनी नजर है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।