.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3Dd3732707-1221-47cb-a3c9-b5c0b49e0c5e&w=3840&q=75)
Big disclosure in Kanpur: कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में बड़ा मामला सामने आया है। यहां लाल बंगला निवासी संगीता जायसवाल ने थाने के इंस्पेक्टर संतोष कुमार शुक्ला और तत्कालीन चौकी प्रभारी अंकित खटाना पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि विवादित प्लॉट पर जबरन कब्जा कराने के लिए पुलिस अधिकारियों ने बाहरी लोगों के साथ मिलकर तोड़फोड़ और लूटपाट की। शिकायत के आधार पर दोनों पुलिस अफसरों समेत कई लोगों के खिलाफ डकैती, दंगा, चोरी और अवैध कब्जे जैसी धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।
विवादित प्लॉट पर जबरन कब्जे का आरोप
पीड़िता संगीता जायसवाल ने बताया कि चंद्र नगर स्थित प्लॉट पर उनकी दुकानों का निर्माण है और वह नियमित हाउस टैक्स भी जमा करती हैं। इसके बावजूद, 29 मार्च को इंस्पेक्टर, दरोगा और करीब 30-40 अज्ञात लोग पुलिस बल के साथ पहुंचे और प्लॉट का गेट व दीवार तोड़कर कब्जा दिला दिया। आरोप है कि इस दौरान महिला के परिजनों से मारपीट हुई और घर में रखे मोबाइल, लैपटॉप समेत डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य का सामान ट्रक में भरकर ले जाया गया। इतना ही नहीं, करीब छह लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण भी गायब हो गए।
यह भी देखेंः20 kg beef recovered: लखनऊ में महिन्द्रा थार से बरामद हुआ 20 किलो गोमांस, वाहन स्वामी गिरफ्तार
एफआईआर दर्ज, जांच में नए खुलासे की संभावना
संगीता जायसवाल का दावा है कि पूरी घटना सीसीटीवी में कैद है। उन्होंने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, डीजीपी और पुलिस कमिश्नर से की थी। जांच के बाद पुलिस कमिश्नर के आदेश पर एफआईआर दर्ज की गई। अब यह मामला कानपुर में चर्चा का विषय बना हुआ है। सवाल उठ रहे हैं कि जब जमीन विवाद कोर्ट में लंबित था तो पुलिस ने किस दबाव में कब्जे की कार्रवाई कराई। फिलहाल जांच जारी है और माना जा रहा है कि आगे की तहकीकात में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।