
Employees Get a Big Gift: केंद्र सरकार आज केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में बढ़ोतरी का ऐलान कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक, इस बार लगभग 3% की बढ़ोतरी संभव है। फिलहाल केंद्रीय कर्मचारियों को उनकी बेसिक सैलरी का 55% डीए मिलता है, जो बढ़कर 58% हो जाएगा। सरकार का यह कदम करीब 1.15 करोड़ कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए दिवाली से पहले बड़ी राहत साबित हो सकता है। बताया जा रहा है कि नई दरें 1 जुलाई 2025 से लागू होंगी।
जनवरी में भी हुई थी बढ़ोतरी
इससे पहले जनवरी 2025 में भी केंद्र सरकार ने डीए और डीआर में 2% की बढ़ोतरी की थी। उस फैसले से महंगाई भत्ता 53% से बढ़कर 55% हो गया था। यह बढ़ोतरी सातवें केंद्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों पर तय फॉर्मूले के अनुसार की गई थी। दरअसल, महंगाई भत्ता और महंगाई राहत कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को महंगाई से बचाने और उनके जीवन-यापन खर्च को संतुलित करने के लिए दी जाती है। यही वजह है कि त्योहारों से पहले हर बार सरकार की ओर से बढ़ोतरी का ऐलान कर्मचारियों के लिए खास मायने रखता है।
यह भी पढ़ेंःRBI MPC meeting decision: आरबीआई एमपीसी बैठक का फैसला, रेपो रेट बरकरार, जीडीपी अनुमान में बढ़ोतरी
कितनी बढ़ जाएगी सैलरी?
अगर इस बार 3% डीए बढ़ाने का फैसला होता है, तो कर्मचारियों की जेब पर सीधा असर दिखेगा। उदाहरण के तौर पर जिन कर्मचारियों की बेसिक सैलरी 60,000 रुपये है, उन्हें अभी 33,000 रुपये डीए के रूप में मिलते हैं। बढ़ोतरी के बाद उन्हें 34,800 रुपये मिलेंगे। यानी उनकी ग्रॉस सैलरी में 1,800 रुपये की बढ़ोतरी होगी। त्योहारों के सीजन में यह अतिरिक्त आय न केवल उनके मासिक बजट को आसान बनाएगी बल्कि त्योहारी खर्चों के लिए भी मददगार साबित होगी।