
Chaitanyananda Saraswati: दिल्ली के वसंत कुंज स्थित श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट में छात्राओं से यौन शोषण के मामले में गिरफ्तार स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती को लेकर लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस की जांच में अब तक सामने आया है कि 17 से अधिक छात्राओं का यौन उत्पीड़न करने के आरोपों में फंसे चैतन्यानंद को कई सहयोगियों का साथ भी मिला हुआ था। आगरा से गिरफ्तार कर लाए गए आरोपी को कोर्ट ने पांच दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया है। पुलिस ने उसके फोन, आईपैड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर लिए हैं, जिनसे कई आपत्तिजनक चैट, तस्वीरें और वीडियो मिले हैं।
महिला सहयोगियों की भूमिका पर बढ़ा शक
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच में यह बात सामने आई है कि इंस्टीट्यूट की तीन सगी बहनें, जो पहले एसोसिएट डीन और वार्डन के पद पर थीं, चैतन्यानंद के काले कारनामों में उसका साथ देती थीं। आरोप है कि ये महिलाएं छात्राओं पर दबाव डालती थीं कि वे बाबा के साथ शारीरिक संबंध बनाएँ और किसी से कुछ न कहें। यही नहीं, वे छात्राओं के मोबाइल से अश्लील संदेशों को डिलीट करने का काम भी करती थीं। दिल्ली पुलिस ने इन तीनों पूर्व महिला कर्मचारियों को पूछताछ के लिए तलब किया है।
यह भी पढ़ेंःDeath penalty: चीन में एक ही परिवार को मौत की सजा, खौफनाक गुनाहों का पर्दाफाश
गेस्ट हाउस की जांच और नए सबूत
इस बीच पुलिस टीम उत्तराखंड के अल्मोड़ा भी पहुंची, जहां एक गेस्ट हाउस में चैतन्यानंद छात्राओं के साथ ठहरा करता था। जांच में पता चला है कि वह छात्राओं को महंगे उपहार, लैपटॉप, मोबाइल और विदेश यात्राओं का लालच देकर उन्हें फंसाता था और फिर उनका शोषण करता था। पुलिस को कई गुप्त कैमरे से खींची गई तस्वीरें और आपत्तिजनक रिकॉर्डिंग भी मिली हैं। इस साल आरोपी पर सामूहिक छेड़छाड़, धोखाधड़ी और जालसाजी के तीन गंभीर केस दर्ज हो चुके हैं। पुलिस अब इन सभी सबूतों की फॉरेंसिक जांच कर रही है, ताकि चैतन्यानंद और उसके सहयोगियों के गुनाह पूरी तरह उजागर हो सकें।