दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) का काम तेजी से चल रहा है। चुनाव आयोग के अनुसार, राजधानी के 1.45 करोड़ मतदाताओं में से 75.72 लाख से अधिक एन्यूमरेशन फॉर्म का डिजिटलाइजेशन पूरा हो चुका है। इसी बीच मतदाता सूची में नाम हटाने को लेकर राजनीतिक बहस भी तेज हो गई है, जिसके बाद कई लोग अपना नाम वोटर लिस्ट में जांच रहे हैं।
EPIC नंबर से ऐसे करें नाम चेक
अगर आपके पास वोटर आईडी कार्ड है, तो सबसे आसान तरीका EPIC नंबर से नाम खोजने का है। चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट electoralsearch.eci.gov.in पर जाकर Search by EPIC विकल्प चुनें। इसके बाद अपना EPIC नंबर, राज्य और कैप्चा भरकर Search पर क्लिक करें। कुछ ही सेकंड में आपकी मतदाता संबंधी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई दे जाएगी।
मोबाइल नंबर और पर्सनल डिटेल्स से भी होगी जांच
वेबसाइट पर Search by Mobile विकल्प के जरिए भी नाम खोजा जा सकता है। इसमें राज्य चुनकर पंजीकृत मोबाइल नंबर दर्ज करें, ओटीपी सत्यापन पूरा करें और जानकारी प्राप्त करें। यदि मोबाइल नंबर उपलब्ध नहीं है, तो Search by Details विकल्प में नाम, रिश्तेदार का नाम, जन्मतिथि, लिंग, जिला और विधानसभा क्षेत्र जैसी जानकारी भरकर भी वोटर लिस्ट में अपना नाम देखा जा सकता है।
ये भी पढ़ें : 17 अगस्त से Visakhapatnam Airport पर बंद होंगी कमर्शियल उड़ानें, अब भोगपुरम के नए इंटरनेशनल एयरपोर्ट से होगा संचालन
ऐप और हेल्पलाइन की भी सुविधा
चुनाव आयोग ने वेबसाइट के अलावा Voter Helpline App भी उपलब्ध कराया है। इस ऐप को डाउनलोड कर Search Your Name विकल्प से मतदाता सूची में नाम देखा जा सकता है। इसके अलावा कोई भी मतदाता 1950 टोल-फ्री हेल्पलाइन पर कॉल करके भी अपने मतदाता विवरण की जानकारी प्राप्त कर सकता है।
दिल्ली में क्या है ताजा स्थिति
चुनाव आयोग के मुताबिक, दिल्ली के 13 जिलों में 99.88 प्रतिशत मतदाताओं तक फॉर्म पहुंचाए जा चुके हैं। डिजिटलाइजेशन के मामले में आउटर नॉर्थ सबसे आगे है, जबकि साउथ ईस्ट और ईस्ट दिल्ली में प्रक्रिया अपेक्षाकृत धीमी है। नॉर्थ ईस्ट जिले में अब तक सबसे अधिक फॉर्म अपलोड किए गए हैं।
नाम न मिले तो क्या करें?
अगर जांच के दौरान आपका नाम मतदाता सूची में दिखाई नहीं देता या फॉर्म जमा करने में कोई दिक्कत आती है, तो संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) या 1950 हेल्पलाइन से तुरंत संपर्क करें। चुनाव आयोग के अनुसार, कई मामलों में फॉर्म अभी अपलोड होने की प्रक्रिया में हैं। ऐसे में यदि नाम फिलहाल नहीं दिखता है, तो कुछ दिनों बाद दोबारा सूची में अपना नाम जांचने की भी सलाह दी गई है।