एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 मुकाबले के दौरान बड़ा सुरक्षा चूक का मामला सामने आया। गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के मैच के दौरान स्टेडियम का पूरा सीसीटीवी सिस्टम अचानक बंद हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्टेडियम में लगे करीब 240 कैमरे एक साथ काम करना बंद कर गए, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
कंट्रोल रूम में घुसकर की तोड़फोड़
इस मामले में शिकायत दर्ज कराने वाले आदित्य भट्ट ने आरोप लगाया कि दो लोग मैच के दौरान सीसीटीवी कंट्रोल रूम में घुसे और नेटवर्क वीडियो रिकॉर्डर को नुकसान पहुंचाया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने जानबूझकर पूरे सर्विलांस सिस्टम को ठप कर दिया, जिससे किसी भी गतिविधि की रिकॉर्डिंग संभव नहीं रही।
दो आरोपी गिरफ्तार
कर्नाटक और उत्तर प्रदेश से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक मंजूनाथ और दूसरा अब्दुल कलाम बताया जा रहा है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि इस घटना के पीछे और कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
पैसों का विवाद बना वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह पूरी घटना पैसों के विवाद के कारण हुई। दोनों आरोपी एक टेक्नोलॉजी कंपनी के सब-वेंडर के लिए काम करते थे और उन्हें करीब 10 लाख रुपये की पेमेंट नहीं मिली थी। इसी नाराजगी में उन्होंने स्टेडियम के सीसीटीवी सिस्टम को नुकसान पहुंचाया। यह घटना इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि अगर उस समय कोई बड़ा हादसा होता, तो जांच के लिए कोई फुटेज उपलब्ध नहीं होती।
सुरक्षा पर उठे बड़े सवाल
इस घटना ने स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। इतने बड़े मैच के दौरान कंट्रोल रूम तक पहुंच और पूरे सिस्टम को ठप करना सुरक्षा में बड़ी चूक मानी जा रही है। हालांकि राहत की बात यह रही कि मैच बिना किसी बड़ी घटना के पूरा हो गया।
इसे भी पढ़ें : “संकटमोचन नहीं, सिर्फ रिंकू!” KKR की जीत के बाद Rinku Singh ने बताया अपना पसंदीदा नाम
आरसीबी का शानदार प्रदर्शन जारी
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का प्रदर्शन इस सीजन शानदार रहा है। टीम ने अब तक कई मुकाबले जीते हैं और खिलाड़ी जैसे विराट कोहली, रजत पाटीदार और भुवनेश्वर कुमार बेहतरीन फॉर्म में हैं। अब टीम का अगला मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाला है, जिस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। स्टेडियम प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां भी अपनी व्यवस्था को मजबूत करने में जुट गई हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो सके।