JSSC CGL Paper Leak: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की CGL परीक्षा में हुई कथित धांधली के बीच अब सीआईडीकी जांच से जुड़े दस्तावेज सामने आए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक परीक्षा से ठीक दो दिन पहले अभ्यर्थियों को दूसरे शहर ले जाकर परीक्षा में पूछे जाने वाले सवालों के जवाब याद करवाए जाने का दावा किया जा रहा है। बता दें, 28 अभ्यर्थियों को सेट किया गया था, जिसमें से 10 ने परीक्षा में सफलता हासिल कर ली।
अभ्यर्थियों को ले जाया गया नेपाल
आपको बता दें कि 22 सितंबर 2024 को आयोजित परीक्षा से ठीक दो दिन पहले 20 सितंबर को 28 अभ्यर्थियों को पटना बुलाया गया और वहां से नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल ले जाया गया। जांच के अनुसार, राम प्रवेश यादव और उनके साले रघुवीर यादव ने इन 28 अभ्यर्थियों को सेट करने का काम किया था। पटना में कौशलेंद्र उर्फ राहुल के पास से सभी अभ्यर्थियों को विराटनगर ले जाने की बात भी जांच में सामने आई है।
135 सवाल रटवाए गए
सीआईडी जांच में सामने आया है कि गोरखपुर निवासी संदीप त्रिपाठी होटल में CGL परीक्षा में आने वाले प्रश्नों के जवाब लेकर पहुंचा। इसके बाद वहां मौजूद सभी 28 अभ्यर्थियों को प्रश्नों के उत्तर याद करवाए गए। जांच दस्तावेज के मुताबिक, अभ्यर्थियों को 135 सवालों के जवाब रटवाए गए, जिनमें से 120 सवाल परीक्षा में बिल्कुल सही पाए गए। इसके बाद सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा से एक दिन पहले विराटनगर से वापस भेज दिया गया।
28 में 10 अभ्यर्थी पास
रिपोर्ट के मुताबिक जिन 28 अभ्यर्थियों को सेट किया गया था, उनमें से 10 अभ्यर्थियों ने JSSC CGL परीक्षा पास की। रिपोर्ट में सफल अभ्यर्थियों के नाम भी दर्ज हैं। जिसमें अरविंद कुमार, अमन कुमार सिंह, विभूति अमन, दिवाकर कुमार देव, उपेन्द्र यादव, कृष्णा स्नेही, दयानंद यादव, नवीन कुमार यादव, उमेश कुमार और विकास कुमार के नाम बताए गए हैं।
लाखों रुपये का हुआ लेन-देन
दस्तावेज में इस पूरे मामले में पैसों के लेनदेन की बात भी सामने आई है। जांच में पाया गया है कि खातों में करीब 8 लाख रुपये का लेन-देन हुआ है। सभी छात्रों से उनके मूल शैक्षणिक प्रमाणपत्र और कुछ छात्रों से खाली चेक भी जमा कराने की बात जांच में सामने आई है। रिपोर्ट में संदीप त्रिपाठी पर अभ्यर्थियों से लगातार पैसे मांगने के लिए दबाव बनाने का आरोप भी दर्ज है। जांच के मुताबिक पैसे न देने पर छात्रों को धमकाया भी जाता था।
1 जनवरी 2025 से CID ने शुरू की जांच
JSSC CGL परीक्षा में गड़बड़ी की बात सामने आने के बाद हंगामा हुआ और केस दर्ज किया गया। इसके बाद 1 जनवरी 2025 से सीआईडी ने इस पूरे केस की जांच शुरू कर दी। इस दौरान कई आरोपियों से पूछताछ की गई और उनके बयान दर्ज किए गए। इस सिलसिले में अनिश कुमार और विनय साह जैसे आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है।
परीक्षा रद्द करने की मांग कर रहे अभ्यर्थी
JSSC CGL परीक्षा में धांधली के आरोपों को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी है। छात्र मांग कर रहे हैं कि JSSC CGL परीक्षा को तुरंत रद्द किया जाए और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। हालांकि, दस्तावेजों में दर्ज आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।