CJP Activists Attacked In Jaipur: राजस्थान में जयपुर के बगरू इलाके के रामपुर-कंवरापुरा गांव में सराकरी स्कूल को लेकर हंगामा हो गया है। कॉकरोच जनता पार्टी ने 'स्कूल ठीक करो' अभियान के तहत अपने कार्यकर्ताओं को गांव में स्कूल के हालात देखने के लिए भेजा था, लेकिन गांव के लोगों ने उन्हें वहां से भगा दिया। इसपर सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि गांव में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने उनके साथ मारपीट की और गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए।
क्या था मामला
रामपुर-कंवरपुरा गांव के राजकीय प्राथमिक स्कूल में जब सीजेपी के कार्यकर्ता स्कूल की हालात देखने पहुंचे ते वहां हंगामा खड़ा हो गया। गांव वालों ने उनका विरोध किया और उन्हें वहां से खदेड़ दिया। बाद में सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष वहां पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। थोड़ी देर बाद ही माहौल गर्म हो गया और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। ग्रामीणों ने सीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट शुरू कर दी और उन्हें दौड़ा दिया। इस दौरान यह भी आरोप है कि ग्रामीणों ने सीजेपी कार्यकर्ताओं की गाड़ियों के शीशे भी तोड़ दिए। ग्रामीणों ने पत्थरबाजी भी की और उनपर रेत उछाला।
क्या बोले अभिजीत दिपके
इस पूरी घटना पर सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, 'आशुतोष पर भाजपा के गुंडों ने राजस्थान में हमला किया है। राजस्थान पुलिस ने ऐसा करने दिया।
'भाजपा के बुलाए लोग थे'
सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका ने भी इस घटनाक्रम पर सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी।, उन्होंने आरोप लगाया कि गांव पहुंचे लोग ग्रामीण नहीं बल्कि भाजपा के बुलाए लोग थे, जिनका सरगना कमल प्रधान गरीब लोगों की जमीनों पर कब्जा करने का काम करता है। आशुतोष ने कहा कि उनके साथियों के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने ही मारपीट की है।
यह भी पढ़ें: UGC NET Answer Key: ₹200 के शुल्क पर एनटीए की सफाई, कहा-सही आपत्ति पर पैसे होंगे वापस
क्या बोले ग्रामीण?
गांव के रहने वाले विष्णु कुमार शर्मा ने बताया कि, उनके गांव में पहले प्राथमिक स्कूल 5वीं कक्षा तक संचालित होता था। स्कूल के लिए जमीन भी उनके दादा ने दी थी। स्कूल का भवन 1999 में बना लेकिन उसके बाद से उसकी कोई मरम्मत नहीं हुई है। विष्णु आगे बताते हैं कि, अब स्कूल इतना जर्जर हो गया है कि वहां बच्चों को पढ़ाना खतरे से खाली नहीं है। फिलहाल गांव में एक बड़े भवन में दो कमरे उपलब्ध कराए गए हैं, जहां दो टीचर हैं और 20 से 30 बच्चे पढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र बगरू विधानसभा में आता है। विधायक डॉ. कैलाश वर्मा ने स्कूल के लिए 9 लाख रुपये का बजट पास होने का आश्वासन दिया था लेकिन अभी तक भवन का काम शुरू नहीं हुआ है।
'बच्चे जर्जर स्कूल में पढ़ने को मजबूर'
ग्रामीण राजेश कुमार ने कहा कि सीजेपी कार्यकर्ताओं का वह विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि, ऐसे कार्यकर्ता स्कूल के मुद्दे को लेकर राजनीति करते हैं और अपना फायदा खोजते हैं। उन्होंने कहा कि सीजेपी राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए ऐसा कर रही है। स्कूल को लेकर उन्होंने कहा कि, बच्चे जर्जर स्कूल में पढ़ने को मजबूर हैं। भवन निर्माण के लिए बजट पास किया गया था, लेकिन काम शुरू नहीं हो सका।