CLAT 2027 Notification Out: कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (CLAT) 2027 की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए बड़ी खबर है। नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज के कंसोर्टियम ने CLAT 2027 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस नोटिफिकेशन के साथ ही परीक्षा की तारीख और ऑनलाइन आवेदन का पूरा शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। सबसे अहम बात यह है कि इस बार परीक्षा के सिलेबस और एग्जाम पैटर्न में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
कब होगी परीक्षा
जारी नोटिफिकेशन के अनुसार CLAT 2027 के ऑनलाइन आवेदन 3 अगस्त 2026 से शुरू हो रहे हैं और आवेदन करने की अंतिम तारीख 31 अक्तूबर 2026 तय की गई है। वहीं CLAT 2027 परीक्षा का आयोजन 6 दिसंबर 2026 को किया जाएगा। परीक्षा एक ही शिफ्ट में आयोजित होगी। परीक्षा का आयोजन दोपहर 2 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक किया जाएगा। परीक्षा की अवधि कुल 2 घंटे होगी।
सिलबेस में कोई बदलाव नहीं
कंसोर्टियम ने इस साल CLAT 2027 यूजी और पीजी दोनों पाठ्यक्रमों के लिए सिलेबस और एग्जाम पैटर्न में कोई बदलाव न करने का फैसला किया है। यानी अभ्यर्थी पहले से तय फॉर्मेट के अनुसार ही परीक्षा की तैयारी कर सकते हैं। हालांकि परीक्षा संयोजक और प्रश्न पत्र तैयार करने वाली टीम इन सिफारिशों पर विचार करेगी, जिससे प्रश्नों के स्तर और फॉर्मे को और बेहतर बनाया जा सके।
भेज सकते हैं सुझाव
कंसोर्टियम ने विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट को सार्वजनिक करने का निर्णय लिया है, ताकि छात्र, शिक्षक, कोचिंग विशेषज्ञ और अन्य हितधारक अपनी राय दे सकें। इच्छुक लोग कंसोर्टियम की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर सुझाव और राय भेज सकते हैं। सुझाव देने की अंतिम तारीख 31 अगस्त 2026 तय की गई है।
प्राप्त सुझावों पर करेगा विचार
नोटिफिकेशन में यह भी स्पष्ट किया गया है कि भविष्य की परीक्षा को और ज्यादा पारदर्शी, संतुलित और छात्रों के अनुकूल बनाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। प्राप्त सुझावों और विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों की समीक्षा के लिए भारत के मुख्य न्यायाधीश के कार्यालय द्वारा एक अलग समिति गठित की जाएगी। कंसोर्टियम इस समिति के साथ मिलकर काम करेगा और प्राप्त सुझाव के आधार पर CLAT 2028 के लिए आवश्यक सुधावों और बदलाव पर विचार करेगा।