Panshul Bansal on Protest: देश भर में नीट यूजी परीक्षा में धांधली, पेपर लीक मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद प्रधान के इस्तीफे और एनटीए को भंग करने या पूरी तरह सुधार करने की मांग को लेकर हजारों की संख्या में छात्र, अभिभावक और विपक्षी दल सड़कों पर उतर आए हैं। इस विरोध प्रदर्शन के बीच नीट यूजी री एग्जाम में ऑल इंडिया रैंक 2 हासिल करने वाले हरियाणा के पंशुल बंसल का बयान सामने आया है
पॉजिटिव नजरिए से देखा
आपको बता दें कि नीट यूजी री-एग्जाम 2026 में हरियाणा के पंशुल बंसल ने 720 में से 715 नंबर (99.9999 परसेंटाइल) लाकर ऑल इंडिया रैंक-2 (NEET AIR 2) हासिल की है। नीट में टॉप करने वाले पंशुल बंसल ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया कि जब 3 मई को आयोजित हुई नीट की परीक्षा रद्द हुई तो शुरुआत में उन्हें भी काफी निराशा हुई। लेकिन उन्होंने इसे अपने नंबर सुधारने के मौके के रूप में देखा। उन्होंने कहा कि शुरू में निराशा और दुख महसूस हुआ था। लेकिन एक-दो घंटे बाद इसे पॉजिटिव नजरिए से देखा और खुद से वादा किया इस बार और बेहतर करूंगा।'
अपने स्कोर को बेहतर कर सकता हूं
नीट टॉपर पंशुल बंसल ने बताया कि उन्होंने खुद से सवाल किया कि उन्हें सड़कों पर जाकर विरोध प्रदर्शन में समय क्यों बिताना चाहिए? उन्होंने री-एग्जाम को निराशा के रूप से देखने के बजाय अपने स्कोर को सुधारने के एक शानदार अवसर के रूप में देखा। मैं घर पर पढ़ाई कर सकता हूं और अपने स्किल्स इंप्रूव कर सकता हूं। अपने स्कोर को बेहतर कर सकता हूं।'
शिक्षा मंत्री और हरियाणा के सीएम से की मुलाकात
बता दें कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह ने पंशुल से मुलाकात की और उन्हें बधाई दी। शिक्षा मंत्री ने एक्स अकाउंट पर बताया था कि उन्होंने पंशुल से मुलाकात की है। उन्हें शानदार कामयाबी के लिए बधाई, उनकी यह उपलब्धि भारत के युवाओं के समर्पण और लगन को दर्शाती है। मुझे भरोसा है कि वह भविष्य में देख के हेल्थकेयर सिस्टम में अहम योगदान देंगे।
पिता बिजनेसमैन और मां कंपनी सेक्रेटरी
आपको बता दें कि हरियाणा के रहने वाले पंशुल बंसल के पिता एक बिजनेसमैन है और मां कंपनी सेक्रेटरी हैं। घर में लॉ, इंजीनियरिंग और फाइनेंस जैसे अन्य करियर के विकल्प होने के बावजूद पंशुल की रुचि हमेशा से बायोलॉजी में रही। परिवार के बिना किसी दबाव के उनके फैसले का समर्थन किया।