.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D260f1adc-bf78-4445-82b2-c75e21e07020&w=3840&q=75)
Uttarakhand Cloudburst Updates: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हुआ, जब धराली गांव के पास बादल फटने की घटना से खौफनाक मंजर देखने को मिला. खीर गंगा नदी के पास स्थित इस क्षेत्र में अचानक पानी की तेज धारा ने कई घरों और होटलों को अपनी चपेट में ले लिया. घटनास्थल से आई भयावह तस्वीरों और वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे पहाड़ से पानी का सैलाब नीचे आता है और लोगों में चीख-पुकार मच जाती है. अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि करीब 50 लोग लापता बताए जा रहे हैं.
बचाव में जुटा प्रशासन और सेना
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हालात पर नजर रखते हुए तुरंत रेस्क्यू टीमों को मौके पर भेजा है. राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), पुलिस और सेना की टीम राहत कार्यों में जुट गई हैं. जिला प्रशासन के अनुसार, 20-25 होटल और होम स्टे पानी की धार में बह चुके हैं. बाजार क्षेत्र में भारी नुकसान की खबर है और कई रास्ते बंद हो गए हैं. पीएम नरेंद्र मोदी ने भी सीएम धामी से फोन पर बात कर स्थिति का जायजा लिया.
यह भी देखेंःKartavya Bhavan-3: कर्तव्य भवन-3 का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी, मंत्रालयों को मिलेगा नया ठिकाना
भूस्खलन से जवान लापता, ग्रामीण दहशत में
इस तबाही के बीच भूस्खलन की भी खबर सामने आई है जिसमें कुछ जवानों के लापता होने की आशंका है. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। इधर, धराली गांव में लोग बेहद डरे हुए हैं और कई परिवारों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है. सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में चीख-पुकार और दहशत साफ देखी जा सकती है. राहत कार्य तेजी से चल रहा है लेकिन खराब मौसम के कारण चुनौतियां बरकरार हैं.