CM Rekha Gupta: दिल्ली विधानसभा में शुक्रवार को उस वक्त भावुक माहौल बन गया, जब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सदन में आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उनसे अगर अनजाने में कोई शब्द गलत निकल जाए, तो उसे लेकर AAP मीम बनाकर मजाक उड़ाती है। मुख्यमंत्री ने इसे एक महिला नेता के प्रति असंवेदनशील रवैया बताते हुए गहरी नाराजगी जताई।
मीम बनाकर उड़ाया जाता है मजाक
रेखा गुप्ता ने कहा कि उनके मुंह से गलती से निकले शब्दों को लेकर सोशल मीडिया पर उनका मजाक बनाया जाता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि AQI को गलती से AIQ कह देने पर भी उन्हें निशाना बनाया गया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, ऐसी चीजें उन्हें व्यक्तिगत रूप से आहत करती हैं और यह सोच दर्शाती हैं कि कुछ लोगों को महिला का मुख्यमंत्री बनना स्वीकार नहीं है।
महिला नेतृत्व पर सवाल
सीएम ने कहा कि विरोधी दल को यह रास नहीं आ रहा कि एक महिला दिल्ली चला रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या महिलाओं से गलती की उम्मीद नहीं की जाती या फिर उन्हें मौका ही नहीं दिया जाना चाहिए। रेखा गुप्ता ने कहा कि उनकी गलतियां अनजाने में हुईं, लेकिन विपक्ष जानबूझकर गलत काम करता है।
यह भी देखेंःHijab-Wearing Daughter: हिजाब पहनने वाली बेटी बनेगी भारत की प्रधानमंत्री! सोलापुर में ओवैसी का बड़ा बयान
AAP पर आरोप
मुख्यमंत्री ने AAP पर वादाखिलाफी और भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने से पहले आम आदमी पार्टी ने गाड़ी, बंगला और सरकारी सुविधाएं न लेने का वादा किया था, लेकिन बाद में सब कुछ लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन से निकली पार्टी ने खुद “शीशमहल” खड़ा कर लिया।
सिख गुरुओं के सम्मान की बात
रेखा गुप्ता ने सिख गुरुओं के कथित अपमान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी गलतियां अनजाने में हुई होंगी, लेकिन धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना जानबूझकर किया गया कृत्य है। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि सम्मान और मर्यादा की राजनीति होनी चाहिए, न कि व्यक्तिगत हमलों और मजाक की।