
कहते हैं कि बच्चों की मासूम बातें कभी-कभी बड़ों को भी चौंका देती हैं. यूपी में ऐसा ही एक नजारा उस वक्त देखने को मिला जब कानपुर की नन्ही मायरा अपने मां के साथ लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन कार्यक्रम में पहुंची. बच्ची ने जैसे ही सीएम से गुहार लगाई, वहां मौजूद हर कोई हैरान रह गया. दरअसल जनता दर्शन वैसे तो लोगों की परेशानियां सुनने का एक मंच है, लेकिन इस बार जो हुआ उसने सोशल मीडिया तक हलचल मचा दी. जैसे ही सीएम योगी आवास में प्रवेश किए, मायरा ने हाथ जोड़कर कहा बाबा, मेरा एडमिशन करा दो, मैं बड़ी होकर डॉक्टर बनूंगी. उसकी मासूम आवाज सुनते ही वहां मौजूद लोग दंग रह गए और फिर तालियां गूंज उठीं.
सवाल-जवाब में दिखी मासूमियत
बताया जाता है कि मायरा की मां ने सीएम से शिकायत की थी कि बेटी का स्कूल में एडमिशन नहीं हो पा रहा. इस पर मुख्यमंत्री ने सीधे बच्ची से सवाल किया पढ़ाई करोगी? मायरा ने तुरंत जवाब दिया हां, पढ़ूंगी. एडमिशन हो जाएगा तो कुछ बन जाऊंगी. इसके बाद सीएम ने अगला सवाल किया क्या बनोगी?. बच्ची ने झट से कहा- डॉक्टर. इस मासूम जवाब पर पूरा माहौल खुशगवार हो गया और मायरा शरमा कर मां से लिपट गई.
ये भी पढ़ें : मोदी सरकार में MP के 9 IAS अफसरों का जलवा, नौ मंत्रालयों की कमान संभाल रहे अधिकारी
CM योगी ने दिया अफसरों को तुरंत आदेश
मायरा की बात सुनते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों की ओर देखा और कहा इसका एडमिशन तुरंत कराइए. आदेश सुनते ही प्रशासन हरकत में आया. बच्ची की मां ने राहत की सांस लेते हुए कहा कि वो काफी समय से बेटी के दाखिले के लिए प्रयास कर रही थी, लेकिन अब मुख्यमंत्री के आश्वासन से बेटी का सपना पूरा होने की उम्मीद जग गई है. ये पहली बार नहीं है जब किसी बच्ची की फरियाद पर सीएम योगी ने तुरंत कदम उठाया हो. मुरादाबाद की वाची नाम की बच्ची ने भी कुछ समय पहले यही समस्या रखी थी. तब भी मुख्यमंत्री ने तुरंत अधिकारियों को आदेश देकर उसका एडमिशन स्कूल में कराया था.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
मायरा और योगी बाबा की बातचीत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है. लोग कह रहे हैं कि ये है बेटियों की पढ़ाई के लिए असली गारंटी. कई लोगों ने मायरा की हिम्मत की तारीफ की, तो कुछ ने कहा योगी बाबा से मिलो, टेंशन मिनटों में खत्म. फिलहाल मायरा की मुस्कान पूरे यूपी में चर्चा का विषय बन गई है और उसका डॉक्टर बनने का सपना अब हकीकत की ओर बढ़ रहा है.