Lucknow fire Incident: लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्च स्तरीय बैठक बुलाई और कई महत्वपूर्ण फैसले किए। बैठक के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर दो सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। इस जांच दल को सात दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपने का निर्देश दिया गया है। साथ ही प्रशासन को घटना की हर पहलू से जांच कर जिम्मेदार लोगों की पहचान करने को कहा गया है।
सात दिन में रिपोर्ट देगी एसआईटी
सरकार द्वारा गठित एसआईटी में पर्यटन, धार्मिक कार्य एवं संस्कृति विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात और लखनऊ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक प्रवीण कुमार को शामिल किया गया है। जांच दल ने अपना काम शुरू कर दिया है और आग लगने की वजहों, सुरक्षा मानकों की स्थिति तथा संभावित लापरवाही की जांच की जा रही है। इस मामले में अलीगंज थाने में शिकायत दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
पीड़ित परिवारों के लिए सहायता का ऐलान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अग्निकांड में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसके अलावा घायलों के लिए पचास-पचास हजार रुपये की मदद का भी ऐलान किया गया है। सरकार ने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज और हर संभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
यह भी देखेंःRam Mandir Offering Issue: राम मंदिर चढ़ावा मामले में हाईकोर्ट की टिप्पणी, तत्काल सुनवाई से किया इनकार
दुर्घटना स्थल पहुंचे राजनाथ सिंह
घटना के बाद रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह दुर्घटना स्थल पर पहुंचे। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे। राजनाथ सिंह ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने रद्द किए सरकारी कार्यक्रम
अग्निकांड की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने निर्धारित सरकारी कार्यक्रम स्थगित कर दिए। उन्हें हाथरस में विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करना था, जबकि आगरा में विकास कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक भी प्रस्तावित थी। हालांकि लखनऊ की घटना के बाद मुख्यमंत्री ने प्राथमिकता बदलते हुए पूरा ध्यान राहत, बचाव और जांच प्रक्रिया पर केंद्रित किया है।