CM Yogi To Visit Village: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दीपावली के मौके पर रविवार को गोरखपुर के वनटांगिया गांव जंगल तिनकोनिया नंबर तीन पहुंचेंगे। यहां वह ग्रामीणों के साथ दीपावली का त्योहार मनाएंगे और लोगों से संवाद करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री 82.41 करोड़ रुपये की लागत वाली 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम में जनसभा को संबोधित करने के साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता किट भी बांटी जाएगी।
विकास का लाभ हर परिवार तक पहुंचाने पर जोर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहार की असली खुशी तभी है, जब समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की सुविधाएं पहुंचें। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में वनटांगिया समाज के लिए शुरू होने वाली परियोजनाओं की जानकारी दी। सीएम ने कहा कि हर घर में सुख, समृद्धि और सम्मान का दीप जलना चाहिए। इसी उद्देश्य से सरकार लगातार जनकल्याण के काम कर रही है।
वनटांगिया परिवारों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
सीएम योगी ने कहा कि वनटांगिया समुदाय के परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य और बेहतर जीवन के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर गांव में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उनके आगमन को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम के दौरान कई योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता सामग्री भी दी जाएगी।
यह भी देखेंःबस्तर में जवानों के साथ पीएम मोदी ने मनाई दिवाली, बोले- नक्सलवाद खत्म लेकिन वैचारिक चुनौती अभी बाकी
सड़क निर्माण से ग्रामीणों को मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री की ओर से घोषित परियोजनाओं में सड़क निर्माण का काम भी शामिल है। रजही चौराहे से जंगल तिनकोनिया नंबर तीन होते हुए पिपराइच मार्ग तक इंटरलॉकिंग सड़क बनाई जाएगी। इस परियोजना पर करीब 3.65 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सड़क बनने से ग्रामीणों को आवागमन में आसानी होगी और गांव का संपर्क आसपास के इलाकों से बेहतर हो सकेगा।
26 कार्यों का शिलान्यास और इतने का लोकार्पण
कुल 52 परियोजनाओं में 26 कार्यों का शिलान्यास किया जाएगा, जिनकी अनुमानित लागत 77 करोड़ 97 लाख 50 हजार रुपये है। वहीं, 4 करोड़ 43 लाख 79 हजार रुपये की लागत से पूरे हुए 26 विकास कार्यों का लोकार्पण होगा। इन परियोजनाओं में सड़क, बाजार और अन्य जरूरी नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने से जुड़े कार्य शामिल हैं। इनसे वनटांगिया समाज के लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।