CNG Cars Demand: भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में ग्राहकों की पसंद तेजी से बदल रही है। एक समय था जब देश में डीजल गाड़ियों की खरीद जमकर करते थे, लेकिन डीजल के बढ़ते दाम के चलते लोग अब डीजल गाड़ियों से दूरी बना रहे हैं। पिछले कुछ समय से देखा जा रहा है कि कार बाजार में सीएनजी की तरफ शिफ्ट हो रहे हैं। देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी के ताजा आकड़ें इस बदलाव की गवाही दे रहे हैं।
मारुति ने सीएनजी बिक्री में बनाया रिकॉर्ड
मारुति सुजुकी इंडिया के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर पार्थो बनर्जी के अनुसार कंपनी ने अपने इतिहास की सबसे बड़ी तिमाही सीएनजी बिक्री दर्ज की है। चालू वित्त वर्ष में कंपनी ने 2,18,213 यूनिट सीएनजी कारें बेची हैं। जून 2026 के आंकड़ों के मुताबिक मारुति की कुल घरेलू बिक्री में अकेले 42 फीसदी हिस्सेदारी सीएनजी मॉडल्स की रही। यानि शोरूम जाने वाला हर दूसरा-तीसरा खरीदार सीएनजी गाड़ी चुन रहा है।
नई विक्टोरियस वरदान हुई साबित
बता दें, कंपनी के लिए मारुति की नई विक्टोरियस सीएनजी मार्केट में वरदान साबित हुई है। इस कार की कुल बिक्री में आधा से ज्यादा हिस्सा इसके सीएनजी वेरिएंट का है। इस गाड़ी की सबसे खास बात इसका इनोवेटिव अंडरबॉडी सीएनजी डिज़ाइन है। जिससे कार की डिग्गी में सिलेंडर की वजह से जगह की कमी नहीं होती। पूरा बूसट स्पेस मिलने और अपने सेगमेंट की इकलौती सीएनजी एसयूवी होने की वजह से ग्राहकों के बीच इसकी भारी डिमांड है।
यह भी पढ़ें: Kia New Launch: दमदार फीचर्स के साथ Kia Syros EV भारत में हुई लॉन्च; जानें रेंज और कीमत
क्यों लोग सीएनजी की तरफ हो रहे शिफ्ट
डीजल गाड़ियों की तरफ से लोग तेजी से सीएनजी गाड़ियों की तरफ शिफ्ट हो रहे हैं। इस बदले मिजाज के पीछे कई बड़े कारण हैं। 10 साल पुराने डीजल वाहनों पर एनजीटी के नियम और री-सेल वैल्यू कम होने से लोग डीजल लेने से कतरा रहे हैं। इसके अलावा पेट्रोल और डीजल के मुकाबले सीएनजी से गाड़ी चलाना काफी किफायती पड़ता है और अब देशभर में सीएनजी पंप खुल चुके हैं, जिससे लंबी दूरी के सफर में गैस भरवाने की टेंशन नहीं होती है। साथ ही पर्यावरण के लिहाज से भी काफी अच्छा विकल्प है।