Cockroach Janata Party: सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आई कॉकरोच जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है। भारत में सीजेपी पार्टी का X अकाउंट बंद कर दिया गया है। अकाउंट खोलने पर अब यह संदेश दिखाई दे रहा है कि कानूनी मांग के चलते इसे भारत में रोका गया है। पिछले कुछ दिनों में यह ऑनलाइन कैंपेन सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो गया था।
CJI के बयान के विरोध से शुरू हुआ अभियान
CJP नाम से यह ऑनलाइन कैंपेन 16 मई को शुरू हुआ था। दरअसल, सूर्यकांत के एक बयान में कुछ बेरोजगार युवाओं के संदर्भ में ‘कॉकरोच’ शब्द के इस्तेमाल को लेकर विवाद खड़ा हुआ था। इसके विरोध में पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी, जिसके बाद ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से ऑनलाइन मुहिम शुरू हो गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग इस अभियान से जुड़ने लगे।
लाखों फॉलोवर्स और रजिस्ट्रेशन का दावा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, X पर इस अकाउंट के 1.6 लाख से अधिक फॉलोवर्स हो गए थे, जबकि इंस्टाग्राम पर इसके फॉलोवर्स की संख्या करोड़ों तक पहुंचने का दावा किया गया। बताया जा रहा है कि लाखों लोगों ने इस अभियान के समर्थन में खुद को रजिस्टर भी किया। सोशल मीडिया पर इस कैंपेन को लेकर कई राजनीतिक हस्तियों और सेलिब्रिटीज के नाम भी चर्चा में आए।
यह भी देखेंःSP-Congress Prepare For 2027: 2027 की तैयारी में सपा-कांग्रेस, सीट बंटवारे पर शुरू हुई अंदरूनी रणनीति
कौन हैं अभिजीत दीपके?
30 वर्षीय अभिजीत दीपके महाराष्ट्र के पुणे से हैं और पेशे से पॉलिटिकल कम्युनिकेशन स्ट्रैटजिस्ट बताए जाते हैं। उन्होंने पुणे से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद अमेरिका की बोस्टन विश्वविद्यालय से पब्लिक रिलेशंस में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। वे डिजिटल और राजनीतिक रणनीतियों पर काम करते रहे हैं।
मेनिफेस्टो में रखी गई कई मांगें
कॉकरोच जनता पार्टी ने अपनी वेबसाइट और मेनिफेस्टो भी जारी किया है। इसमें चीफ जस्टिस को रिटायरमेंट के बाद राज्यसभा न भेजने, महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने और दल बदलने वाले सांसद-विधायकों पर 20 साल तक चुनाव लड़ने पर रोक जैसी मांगें शामिल हैं। फिलहाल X अकाउंट बंद होने के बाद यह ऑनलाइन अभियान और ज्यादा चर्चा में आ गया है।