AKTU Paper Leak: डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी (AKTU) से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने बीटेक (B.Tech) कंप्यूटर साइंस के छठे सेमेस्टर की परीक्षा रद्द कर दी है। यह फैसला परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के बाद लिया गया। आपको बता दें कि अब यह परीक्षा दोबारा से 5 जून को आयोजित की जाएगी।
एक मिनट में वायरल हुआ पेपर
जानकारी के मुताबिक परीक्षा 2 बजे से प्रस्तावित थी। लेकिन दोपहर 1:28 बजे प्रश्नपत्र कॉलेजों के पोर्टल पर उपलब्ध हुआ और महज एक मिनट बाद 1:29 बजे इसे डाउनलोड कर सोशल मीडिया और छात्रों के बीच वायरल कर दिया गया। इतना ही नहीं, वायरल हुए प्रश्नपत्र पर संबंधित कॉलेज का वॉटरमार्क भी पाया गया है, जिससे लीक होने की आशंका और गहरा गई।
नोएडा और गाजियाबाद में पकड़ी गई थीं पर्चियां
पेपर लीक होने का खुलासा तब हुआ जब 21 मई को परीक्षा के दौरान नोएडा और गाजियाबाद के कुछ परीक्षा केंद्रों पर चेकिंग के दौरान छात्रों के पास से ऐसी पर्चियां बरामद हुईं, जिनमें वही सवाल और उनके जवाब लिखे थे जो मुख्य परीक्षा में पूछे गए थे। इस घटना के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन में हड़कंप मच गया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस मामले में नोएडा साइबर सेल में शिकायत भी दर्ज कराई है।
12 घंटे पहले भेजे जाते हैं पेपर
यह परीक्षा 21 मई 2026 को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे की शिफ्ट में उत्तर प्रदेश के 131 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। नियमों के मुताबिक, परीक्षा शुरू होने से करीब 12 घंटे पहले यूनिवर्सिटी के ERP पोर्टल के जरिए कॉलेजों को प्रश्नपत्र भेज दिए जाते हैं, जिन्हें डाउनलोड करने के लिए केंद्र अधीक्षकों को आईडी और पासवर्ड दिया जाता है। जिससे तय समय पर प्रश्नपत्र डाउनलोड किया जा सके। अब आशंका जताई जा रही है कि किसी कॉलेज की आईडी का गलत इस्तेमाल कर पेपर को समय से पहले डाउनलोड और प्रसारित किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए चार सदस्यीय जांच समिति गठित की गई।
यह भी पढ़ें: NEET री-एग्जाम के चलते टली बिहार पुलिस रेडियो ऑपरेटर भर्ती परीक्षा, अब इस नई तारीख को होगा एग्जाम, देंखे शेड्यूल
छात्रों के हित में लिया गया फैसला
यूनिवर्सिटी के परीक्षा नियंत्रक प्रो. दीपक नटरिया ने बताया कि छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। इस पूरे मामले की गहन जांच के लिए एक 4 सदस्यीय उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया गया है। इस समिति में IET लखनऊ के निदेशक प्रो.वीरेन्द्र पाठक, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज बिजनौर के निदेशक प्रो. नीलेंद्र और नेताजी सुभाषचंद्र बोस तकनीकी तकनीकी विश्वविद्यालय दिल्ली के वरिष्ठ प्रोफेसर विजयंता अग्रवाल शामिल हैं।
5 जून को होगी परीक्षा
उन्होंने बताया कि जांच समिति की शुरुआती रिपोर्ट मिलने के बाद AKTU प्रशासन ने बीटेक तीसरे वर्ष (छठे सेमेस्टर) की कंप्यूटर नेटवर्क परीक्षा को पूरी तरह रद्द कर दिया। यूनिवर्सिटी ने छात्रों को सूचित किया है कि अब इस रद्द हुई परीक्षा को आगामी 5 जून को दोबारा कराया जाएगा।