.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D89049460-1c58-44a6-81c9-deda9ad51de3&w=3840&q=75)
Bihar Election: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर रस्साकशी चरम पर है। कांग्रेस ने अपने 22 से अधिक उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगा दी है और करीब 50 नामों पर चर्चा की है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम और विधायक शकील अहमद खान की सीटों पर भी अंतिम निर्णय हो गया है। बताया जा रहा है कि यह कदम आरजेडी को यह संदेश देने के लिए उठाया गया है कि कांग्रेस अपनी पारंपरिक और मजबूत सीटें छोड़ने के मूड में नहीं है।
कांग्रेस को उम्मीद 60 से ज्यादा सीटों की
कांग्रेस को भरोसा है कि इस बार उसे महागठबंधन में 60 से ज्यादा सीटें मिलेंगी। पार्टी ने उन इलाकों पर फोकस किया है जहां उसका पारंपरिक जनाधार है। सूत्रों के मुताबिक, महागठबंधन के दलों के बीच सीट बंटवारे की बातचीत अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। संभावना है कि 11 या 12 अक्टूबर को पटना में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीटों और उम्मीदवारों का ऐलान किया जाएगा। गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होंगे, जबकि मतगणना 14 नवंबर को होगी।
यह भी देखेंःTravel date in online: अब ऑनलाइन टिकट में भी बदल सकेंगे यात्रा की तारीख, रेलवे ला रहा नई सुविधा
महागठबंधन के भीतर बढ़ी सीटों की खींचतान
महागठबंधन में आरजेडी 130 सीटों की दावेदार है, जबकि कांग्रेस 60-65 सीटें चाहती है। लेकिन आरजेडी ने कांग्रेस को 50-55 सीटों से अधिक देने से इंकार कर दिया है। वहीं, मुकेश साहनी की वीआईपी पार्टी 35-40 सीटों की मांग कर रही है और डिप्टी सीएम पद पर भी दावा ठोंक रही है। वाम दलों ने भी अपनी सीटों की संख्या बढ़ाकर 30-40 तक करने की बात रखी है। सूत्रों के अनुसार, आरजेडी ने प्रस्तावित रूप से वीआईपी को 14-18, लेफ्ट को 30-32, झारखंड मुक्ति मोर्चा को 3 और पशुपति पारस की आरएलजेपी को 2 सीटें देने की योजना बनाई है। महागठबंधन के भीतर सीट शेयरिंग को लेकर अब सियासी खींचतान अपने चरम पर पहुंच चुकी है।