
Crime News: तेलंगाना के निजामाबाद से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक आरोपी ने पुलिस कांस्टेबल की चाकू मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। यह घटना गुरुवार रात करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच की बताई जा रही है। आरोपी शेख रियाज (24) को एक आपराधिक मामले में पकड़ा गया था। पुलिस टीम जब उसे बाइक से थाने लेकर जा रही थी, तभी उसने अचानक कांस्टेबल ई. प्रमोद पर चाकू से हमला कर दिया। छाती पर वार होने से प्रमोद गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि हमले के बाद आरोपी मौके से भाग निकला और उसकी तलाश के लिए सघन अभियान शुरू कर दिया गया है।
डीजीपी ने दिए सख्त निर्देश
तेलंगाना के डीजीपी बी. शिवधर रेड्डी ने कांस्टेबल की मौत पर शोक जताते हुए आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निजामाबाद पुलिस कमिश्नर को स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) गठित करने का आदेश दिया है। इस घटना में उप-निरीक्षक की उंगलियों पर भी चोट आई है, जब उन्होंने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की। डीजीपी ने आईजी (मल्टी जोन-I) एस. चंद्रशेखर रेड्डी को मौके पर जाकर जांच की निगरानी करने को कहा है और शहीद कांस्टेबल के परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
यह भी देखेंःOperation Sindoor: ऑपरेशन सिंदूर से तिलमिलाया पाकिस्तान, आर्मी चीफ मुनीर ने दी भारत को धमकी
आरोपी की तलाश जारी
निजामाबाद के पुलिस आयुक्त पी. साई चैतन्य ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए आठ टीमें बनाई गई हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही डकैती, लूट और हत्या जैसे कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 50,000 रुपये के इनाम की घोषणा की है। आयुक्त ने यह भी कहा कि घटना के दौरान कई लोग मौके पर मौजूद थे, लेकिन घायल कांस्टेबल को अस्पताल ले जाने में किसी ने मदद नहीं की, बल्कि वीडियो बनाते रहे। प्रमोद सेंट्रल क्राइम स्टेशन (CCS) में तैनात थे और अपनी ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए। पुलिस ने कहा कि आरोपी जल्द ही कानून की गिरफ्त में होगा।