EVM strong Room: पश्चिम बंगाल में मतदान के बाद ईवीएम की सुरक्षा को लेकर कोलकाता में विवाद खड़ा हो गया है। कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम स्थित स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर टीएमसी नेताओं ने गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए धरना शुरू कर दिया। इस दौरान टीएमसी और बीजेपी नेताओं के बीच तीखी नारेबाजी भी देखने को मिली।
TMC नेताओं का हंगामा और आरोप
कुणाल घोष और शशि पांजा ने आरोप लगाया कि उनकी मौजूदगी के बिना स्ट्रॉन्ग रूम में गतिविधियां हो रही हैं। उनका कहना है कि ईवीएम के साथ छेड़छाड़ की कोशिश की जा सकती है। नेताओं ने मांग की कि सभी प्रक्रियाएं पारदर्शी तरीके से हों और पार्टी प्रतिनिधियों को अंदर जाने दिया जाए।
BJP का पलटवार
वहीं बीजेपी नेता तापस रॉय भी समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने टीएमसी के आरोपों को बेबुनियाद बताया और कहा कि स्ट्रॉन्ग रूम पर तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू है। उनके अनुसार, यह सिर्फ राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश है।
यह भी देखेंः66th Gujarat Gaurav Diwas: गुजरात गौरव दिवस पर CM का संदेश, विकास मॉडल की दुनिया में चर्चा
ममता बनर्जी के शामिल होने की संभावना
सूत्रों के मुताबिक, ममता बनर्जी भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हो सकती हैं। उन्होंने पहले ही पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे स्ट्रॉन्ग रूम की निगरानी रखें, ताकि किसी तरह की गड़बड़ी न हो सके।
4 मई को आएंगे नतीजे
राज्य में दो चरणों में मतदान पूरा हो चुका है और अब 4 मई को मतगणना होगी। पूरे पश्चिम बंगाल में 77 काउंटिंग सेंटर बनाए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि सभी जगह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है, ताकि मतगणना प्रक्रिया निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।