
कफ सिरप से बच्चों की मौत के मामले में मध्य प्रदेश पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. दरअसल पुलिस ने जहरीली दवा Coldrif कफ सिरप बनाने वाली कंपनी श्रीसन फार्मा के मालिक को अरेस्ट कर लिया है. मध्य प्रदेश पुलिस की एसआईटी ने रंगनाथन को चेन्नई अरेस्ट कर लिया है. बता दें कि पुलिस को लंबे समय से कफ सिरप से हुई मौतों के मामले में रंगनाथन की तलाश थी. इसके साथ ही उस पर इनाम भी घोषित किया गया था. जिसके बाद अब मध्य प्रदेश पुलिस ने चेन्नई पुलिस के सहयोग से रंगनाथन को गिरफ्तार कर लिया है.
छिंदवाड़ा पुलिस ने घोषित किया था 20 हजार का इनाम
बता दें कि रंगनाथन की गिरफ्तारी पर छिंदवाड़ा पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था. पुलिस उप महानिरीक्षक छिन्दवाडा रेंज राकेश कुमार सिंह द्वारा दवा निर्माता कंपनी के फरार आरोपियों की सूचना देने वाले को 20 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई थी. इसके साथ ही आरोपी की सूचना देनेवाले का नाम गोपनीय रखने की बात भी कही गई थी.
एमपी पुलिस की SIT कर रही मामले की जांच- पड़ताल
बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश पुलिस की सात सदस्यीय SIT ने कंपनी के चेन्नई स्थित रजिस्टर्ड ऑफिस और कांचीपुरम में स्थित फैक्ट्री में जांच की थी. इसके साथ ही तमिलनाडु सरकार ने भी मध्य प्रदेश में बच्चों की मौत से जुड़े प्रतिबंधित कफ सिरप Coldrif का उत्पादन करने वाली एक कंपनी के प्लांट को सील कर दिया है. इसके साथ ही कंपनी को दूसरा कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए आपराधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी.
जहरीली दवा के सेवन 20 बच्चों की मौत
वहीं मध्यप्रदेश में इस जहरीले कफ सिरप का सेवन करने की वजह से कई बच्चों की किडनी तक खराब हो गई हैं. वहीं इलाज के दौरान अब तक कुल 20 बच्चों की मौत हो चुकी है. जिसके बाद केरल और मध्य प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों द्वारा भी इस पर प्रतिबंध लगा दिया गया है. तमिलनाडु सरकार ने एक अक्टूबर से ‘कोल्ड्रिफ’ कफ सिरप की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया था. इसके साथ ही दवा के स्टॉक को बाजार से हटाने का आदेश जारी कर दिया गया था. मिली जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश पुलिस की एसआईटी 3 दिन पहले इस मामले की जांच के लिए चेन्नई पहुंची थी. जहां एसआईटी ने Coldrif कफ सिरप बनाने वाली कंपनी श्रीसन फार्मा के मालिक रंगनाथन को अशोक नगर थाना क्षेत्र से पकड़ लिया था और उसे कांचीपुरम के सुंगुवर्चत्रम ले जाकर मामले में आगे की पूछताछ की.
इसे भी पढ़ें : PM Modi की ब्रिटेन के नए PM से गर्मजोशी से मुलाकात, इन खास मुद्दों पर हुई चर्चा, पढ़ें
डायएथिलीन ग्लाइकॉल जैसे जहरीले केमिकल का होता था प्रयोग
Coldrif कफ सिरप में 46.2 फीसदी डायएथिलीन ग्लाइकॉल (DEG) पाया गया था. डायएथिलीन ग्लाइकॉल (DEG) एक जहरीला केमिकल होता है. जो कि किडनी फेल होने का प्रमुख कारण बनता है. श्रीसन फार्मास्यूटिकल्स द्वारा निर्मित इस कफ सिरप को बच्चों के लिए सामान्य सर्दी-खांसी के इलाज के रूप में बेचा जा रहा था लेकिन इससे अब तक 20 बच्चों की मौत हो चुकी है. डायएथिलीन ग्लाइकॉल (DEG) केमिकल का इस्तेमाल इंडस्ट्रियल वर्क में किया जाता है.