Khan Sir News: मशहूर शिक्षक फ़ैजल ख़ान उर्फ़ 'ख़ान सर' को कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने ख़ान सर की गिरफ़्तारी और पुलिस की किसी भी तरह की दंडात्मक कार्रवाई पर रोक लगा दी है। फैजल खान के वकील ने बताया कि दोनों पक्ष की दलील सुनने के बाद कोर्ट ने कहा कि फैजल खान के खिलाफ आगे कोई भी कार्रवाई नहीं होगी। मामले की अगली सुनवाई अब 20 जून को होगी, जिसमें उनकी अग्रिम ज़मानत पर बहस की जाएगी।
बचाव पक्ष ने कोर्ट से क्या कहा?
कोर्ट में सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने अदालत को बताया कि इस पूरे मामले में ख़ान सर की सीधे तौर पर कोई भूमिका नहीं है। उन्हें गलत तरीके से आरोपी बनाया गया है। वहीं, पुलिस की ओर से मामले की जांच और दर्ज प्राथमिकी से संबंधित जानकारी अदालत के समक्ष रखी गई और कोर्ट ने फैसला सुनाया।
कार्रवाई पर फिलहाल रोक लगा दी
जज ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद ख़ान सर को अंतरिम राहत दे दी और अदालत ने उन्हें प्रोटेक्शन देते हुए उनके खिलाफ किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई पर फिलहाल रोक लगा दी है। कोर्ट ने कहा कि अगली सुनवाई तक उनके ख़िलाफ़ कोई कार्रवाई नहीं होगी। अब अगली तारीख पर पुलिस द्वारा पेश की जाने वाली केस डायरी पर बहस होगी।
क्या है पूरा मामला
आपको बता दें कि यह पूरा विवाद पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित 'ख़ान ग्लोबल स्टडीज़' कोचिंग संस्थान में 2 जून की रात को हुई हिंसा और फायरिंग से जुड़ा है। ख़ान सर के संस्थान की ओर से दावा किया गया कि 15-20 लोगों ने कैंपस में घुसकर तोड़फोड़ की, पोस्टर फाड़े, गार्ड्स से मारपीट की और फायरिंग की गई। खान सर ने दावा किया कि उनके संस्थान को निशाना बनाकर सुनियोजित हमला किया गया और इसमें किसी प्रतिद्वंद्वी का हाथ है।
यह भी पढ़ें: CBSE Board 2026: 1.6 लाख से ज़्यादा स्टूडेंट्स के री-इवैल्यूशन का काम पूरा, इस दिन आ सकता है रिजल्ट!
खान सर के गार्ड को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस ने जब जांच की तो पता चला कि उसमें ख़ान सर के ही दो सुरक्षा गार्ड हवाई फ़ायरिंग करते नज़र आए। पुलिस ने दोनों गार्ड्स को गिरफ़्तार कर लिया और उनके हथियार भी जब्त कर लिए। इस घटना में रोशन आनंद का नाम सामने आया, लेकिन उन्होंने सभी आरोपों को खारिज करते हुए खुद को निर्दोष बताया। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
ख़ान सर पर केस क्यों हुआ?
पुलिस के मुताबिक, गिरफ़्तार गार्ड्स ने पूछताछ में दावा किया कि उन्होंने ख़ान सर के कहने पर ही फ़ायरिंग की थी। इसी बयान के आधार पर पुलिस ने ख़ान सर के ख़िलाफ़ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।