आज के दौर में क्रेडिट कार्ड आम जिंदगी का हिस्सा बन चुका है। ऑनलाइन शॉपिंग, टिकट बुकिंग, होटल रिजर्वेशन या इमरजेंसी खर्च—हर जगह इसका इस्तेमाल आसान लगता है। लेकिन जब बिल जनरेट होता है और खाते में पर्याप्त बैलेंस नहीं होता, तब चिंता बढ़ जाती है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही उठता है कि क्या क्रेडिट कार्ड का बिल न भरने पर पुलिस कार्रवाई या गिरफ्तारी हो सकती है? कानून इस बारे में क्या कहता है, इसे समझना बेहद जरूरी है।
क्या लेट पेमेंट पर जेल हो सकती है?
सिर्फ क्रेडिट कार्ड का बिल समय पर न भरना अपने आप में कोई आपराधिक अपराध नहीं है। यह पैसों के लेनदेन से जुड़ा सिविल मामला होता है। आमतौर पर बैंक या कार्ड जारी करने वाली कंपनी पहले रिमाइंडर भेजती है, फिर कॉल या ईमेल के जरिए भुगतान की याद दिलाती है। अगर लंबे समय तक बकाया नहीं चुकाया जाता, तो मामला सिविल कोर्ट तक जा सकता है। कोर्ट रिकवरी का आदेश दे सकती है, लेकिन केवल भुगतान में देरी के आधार पर गिरफ्तारी नहीं होती। यानी सामान्य डिफॉल्ट और आपराधिक अपराध दो अलग बातें हैं।
ये भी पढ़ें : हर महीने की 10 तारीख बनेगी खास, 1500 रुपये सीधे खाते में, जानें कौन सी महिलाओं को मिलेगा गृह आधार योजना का फायदा
कब बन सकता है मामला आपराधिक?
हालांकि हर देरी जेल की वजह नहीं बनती, लेकिन कुछ परिस्थितियों में मामला गंभीर हो सकता है। यदि क्रेडिट कार्ड बनवाते समय फर्जी दस्तावेज दिए गए हों, आय की गलत जानकारी दी गई हो या शुरुआत से ही भुगतान न करने की मंशा साबित हो जाए, तो बैंक आपराधिक शिकायत दर्ज करा सकता है। जांच में अगर धोखाधड़ी का इरादा साबित हो जाए, तो मामला क्रिमिनल ऑफेंस बन सकता है। ऐसी स्थिति में पुलिस कार्रवाई और कोर्ट की सख्त प्रक्रिया लागू हो सकती है।
बिल न चुकाने से क्या होता है नुकसान?
भले ही हर मामले में जेल का खतरा न हो, लेकिन वित्तीय नुकसान कम नहीं होता। सबसे पहले आपका क्रेडिट स्कोर गिरता है। एक या दो महीने की देरी भी स्कोर पर असर डाल सकती है। खराब क्रेडिट स्कोर का असर भविष्य में होम लोन, कार लोन या पर्सनल लोन लेने पर पड़ता है। बैंक उच्च ब्याज दर लगा सकते हैं या लोन आवेदन खारिज भी कर सकते हैं।
बढ़ता ब्याज और मानसिक दबाव
लेट फीस और ऊंची ब्याज दर के कारण बकाया राशि तेजी से बढ़ती जाती है। कई महीनों तक भुगतान न करने पर रिकवरी एजेंट संपर्क कर सकते हैं। वे कानूनी दायरे में रहकर ही बातचीत कर सकते हैं, लेकिन लगातार कॉल और नोटिस मानसिक दबाव जरूर बढ़ा सकते हैं। इसलिए बेहतर यही है कि समय पर भुगतान करें या किसी वित्तीय परेशानी की स्थिति में बैंक से बात कर समाधान निकालें, ताकि मामला कानूनी जटिलता तक न पहुंचे।