बिहार के दरभंगा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सदर थाना क्षेत्र के लोआम गांव के पास स्कूल वैन से गिरकर एक मासूम छात्र की मौत हो गई। यह हादसा एनएच 27 पर सीता पेट्रोल पंप के नजदीक उस वक्त हुआ, जब स्कूल वैन बच्चों को छोड़ने के लिए जा रही थी। अचानक वैन के अंदर से एक बच्चा सड़क पर गिर पड़ा और सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घर लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार अमन एकेडमी स्कूल की वैन में करीब छह छात्र सवार थे। वैन जैसे ही मोड़ पर टर्न ले रही थी, तभी टूटे गेट के कारण एक बच्चा बाहर गिर गया। गिरते ही उसके सिर में गहरी चोट आई और उसने वहीं दम तोड़ दिया। मृतक छात्र की पहचान मो. समर के रूप में हुई है, जो तीसरी कक्षा में पढ़ता था और लोआम गांव का रहने वाला था।
घटना के बाद चालक फरार
हादसे के बाद वैन चालक गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया। इससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत बाकी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। कुछ बच्चों को बाइक से उनके घर पहुंचाया गया। घायल बच्चों को इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
ये भी पढ़ें : कर्तव्य पथ पर कदम रखने से पहले जवानों की अग्निपरीक्षा, परेड से पहले कैसे होती है हथियार और अनुशासन की कड़ी जांच
स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप
घटना के बाद जब ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन से संपर्क करने की कोशिश की, तो किसी ने भी फोन नहीं उठाया। इससे नाराज होकर ग्रामीण स्कूल पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। मृतक बच्चे के मामा ने आरोप लगाया कि स्कूल की सभी गाड़ियां बेहद खराब हालत में हैं। गेट, ब्रेक और सीटें ठीक नहीं हैं और पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन स्कूल ने कभी ध्यान नहीं दिया।
पुलिस ने संभाला मामला
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया। ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन और फरार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
सदर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि घटना एनएच पर हुई है और प्रारंभिक जानकारी में स्कूल वैन से गिरने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा दिया गया है।