David Boon Interim Chairman : ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में बड़ा प्रशासनिक बदलाव देखने को मिला है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने पूर्व दिग्गज क्रिकेटर डेविड बून को अंतरिम चेयरमैन नियुक्त किया है। उन्होंने माइक बेयर्ड की जगह ली है, जिन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इस फैसले के बाद ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट प्रशासन में नई चर्चा शुरू हो गई है। डेविड बून अब बोर्ड के सबसे अहम पद की जिम्मेदारी संभालेंगे।
इस्तीफे के पीछे क्या वजह रही
माइक बेयर्ड के इस्तीफे के पीछे बिग बैश लीग को लेकर चल रही बहस को अहम कारण माना जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक BBL टीमों में निजी निवेश लाने और कुछ फ्रेंचाइजी हिस्सेदारी बेचने की प्रक्रिया को लेकर बोर्ड के भीतर मतभेद बढ़ गए थे। इस मुद्दे पर लगातार दबाव और विरोध के बीच बेयर्ड ने पद छोड़ने का फैसला किया।
डेविड बून को क्यों मिली जिम्मेदारी
डेविड बून का नाम ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में काफी सम्मान के साथ लिया जाता है। वह फरवरी 2025 से क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया बोर्ड का हिस्सा हैं। इससे पहले वह करीब 9 साल तक तस्मानिया क्रिकेट बोर्ड में डायरेक्टर की भूमिका निभा चुके हैं। क्रिकेट प्रशासन और खेल दोनों क्षेत्रों में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
क्रिकेट और प्रशासन दोनों का अनुभव
डेविड बून सिर्फ पूर्व खिलाड़ी ही नहीं बल्कि क्रिकेट प्रशासन में भी सक्रिय रहे हैं। वह अंतरराष्ट्रीय मैच रेफरी के तौर पर काम कर चुके हैं। इसके अलावा 2000 से 2011 तक ऑस्ट्रेलियाई टीम की चयन समिति से भी जुड़े रहे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को उम्मीद है कि उनका अनुभव बोर्ड को स्थिरता देने में मदद करेगा।
इसे भी पढ़ें : माफिया झुककर चलता है... 1375 युवाओं को नौकरी देकर Yogi ने फिर दोहराया बड़ा दावा
शानदार रहा क्रिकेट करियर
डेविड बून ने 1984 से 1996 तक ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने 107 टेस्ट मैचों में 7422 रन बनाए, जिसमें 22 शतक और 32 अर्धशतक शामिल रहे। वहीं 181 वनडे मैचों में उनके नाम 5964 रन दर्ज हैं। वनडे क्रिकेट में उन्होंने 5 शतक और 37 अर्धशतक लगाए। वह अपने दौर के भरोसेमंद बल्लेबाजों में गिने जाते थे।