
Good news on Diwali: दीपावली से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के लगभग 28 लाख कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ी राहत दी है। सरकार ने महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 3 फीसदी की वृद्धि का ऐलान किया है। इसके बाद अब महंगाई भत्ता 55 प्रतिशत से बढ़कर 58 प्रतिशत हो गया है। यह वृद्धि 1 जुलाई 2025 से लागू होगी और इसका लाभ अक्टूबर 2025 की सैलरी के साथ नकद भुगतान के रूप में मिलेगा। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह फैसला राज्य के लाखों परिवारों को आर्थिक सहारा देगा और दिवाली के पर्व पर खुशियां दोगुनी करेगा।
सरकार पर बढ़ा आर्थिक बोझ
राज्य सरकार के इस निर्णय से मार्च 2026 तक करीब 1960 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा। नवंबर 2025 में सरकार को 795 करोड़ रुपये का नकद व्यय करना होगा, जिसमें ओपीएस कर्मचारियों के जीपीएफ में 185 करोड़ रुपये जमा होंगे। वहीं, जुलाई से सितंबर 2025 के एरियर पर 550 करोड़ रुपये का भार पड़ेगा। इसके अलावा दिसंबर 2025 से हर महीने 245 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। सरकार ने सभी विभागों को निर्देश दिया है कि बढ़े हुए भत्ते का भुगतान समय पर किया जाए ताकि कर्मचारियों को किसी तरह की दिक्कत न हो।
कर्मचारियों में खुशी की लहर
योगी सरकार के इस फैसले से प्रदेशभर के कर्मचारियों और पेंशनरों में खुशी की लहर दौड़ गई है। कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि यह फैसला त्योहार के समय आर्थिक राहत लेकर आया है। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी ने दिवाली बोनस का भी ऐलान किया था और अधिकारियों को समय पर बोनस भुगतान करने के निर्देश दिए थे। योगी सरकार का यह कदम कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाने के साथ ही जनता में सरकार की जनकल्याणकारी छवि को भी मजबूत करेगा।