नए महीने की शुरुआत के साथ कई महत्वपूर्ण आर्थिक नियम बदलने जा रहे हैं, जिनका असर LPG सिलेंडर से लेकर पेंशन, टैक्स और ईंधन की कीमतों तक दिखाई देगा।
LPG सिलेंडर के दाम हो सकते हैं बदल
हर महीने की तरह 1 दिसंबर को भी LPG गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव की संभावना है। तेल कंपनियां आमतौर पर महीने की पहली तारीख को दाम अपडेट करती हैं। नवंबर में 19 किलो वाला कमर्शियल गैस सिलेंडर 6.50 रुपये सस्ता हुआ था। घरेलू रसोई गैस की कीमतें लंबे समय से स्थिर हैं, लेकिन 1 दिसंबर को बदलाव संभव है। ऐसे में घरेलू और कमर्शियल दोनों तरह के ग्राहक नए दामों का इंतजार कर रहे हैं, जो सीधे रसोई के खर्च पर असर डालेंगे।
ये भी पढ़ें : Bangladesh Cricket में सेलेक्शन विवाद भड़का, Captain Liton Das ने बोर्ड पर उठाए गंभीर सवाल
यूनिफाइड पेंशन स्कीम चुनने की आखिरी तारीख
सरकारी कर्मचारियों के लिए पेंशन से जुड़ा बड़ा बदलाव 30 नवंबर को डेडलाइन के रूप में तय किया गया है। कर्मचारी NPS और UPS में से किसी एक को चुन सकते हैं। पहले आखिरी तारीख 30 सितंबर थी, जिसे बढ़ाकर अब 30 नवंबर किया गया है। यदि कोई कर्मचारी नए विकल्प के तहत जाना चाहता है, तो उसे 1 दिसंबर से पहले अपनी पेंशन स्कीम को फाइनल करना होगा। समय पर विकल्प न चुनने पर कर्मचारी के पास बाद में बदलाव का अवसर नहीं मिलेगा।
पेंशन के लिए लाइफ सर्टिफिकेट जरूरी
वरिष्ठ नागरिकों के लिए लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने की प्रक्रिया 30 नवंबर तक पूरी करना अनिवार्य है। पेंशन जारी रखने के लिए हर साल यह प्रमाणपत्र बैंक या ऑनलाइन पोर्टल पर जमा करना जरूरी है। यदि यह समय पर जमा नहीं किया गया, तो पेंशन अस्थायी रूप से रोक दी जाती है। ऐसे में लाखों पेंशनर्स इस समय लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने में जुटे हुए हैं ताकि दिसंबर से पेंशन में कोई बाधा न आए।
टैक्स फाइलिंग और फ्यूल कीमतों में बदलाव
टीडीएस कटने वाले टैक्सपेयर्स के लिए सेक्शन 194-IA, 194-IB, 194M और 194S के तहत स्टेटमेंट जमा करने की आखिरी तारीख 30 नवंबर है। इसके अलावा सेक्शन 92E के तहत रिपोर्ट जमा करने की अंतिम तिथि भी यही है। वहीं, तेल कंपनियां 1 दिसंबर को सीएनजी, पीएनजी और जेट फ्यूल (ATF) की कीमतें भी अपडेट करेंगी। इन फ्यूल प्राइस में बदलाव का असर आम यात्रियों, गैस उपभोक्ताओं और एविएशन सेक्टर तक पर पड़ेगा।